IND vs WI ODI Series: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 27 सितंबर रविवार से तिरुवनंतपुरम में होने जा रहा है। यह सीरीज वेस्टइंडीज के हेड कोच डैरेन सैमी के लिए अपनी टीम की असली परीक्षा लेने जैसा है। वेस्टइंडीज की टीम के सामने दुनिया की नंबर-1 वनडे टीम भारत है। वेस्टइंडीज ने पिछले 24 साल से भारत की धरती पर कोई द्विपक्षीय वनडे सीरीज नहीं जीती है। आखिरी बार 2002 में कार्ल हूपर की कप्तानी में वेस्टइंडीज ने सौरव गांगुली की भारतीय टीम को हराया था। अब कोच के तौर पर डैरेन सैमी इस लंबे इंतजार को खत्म करना चाहते हैं।
24 साल से नहीं जीता वेस्टइंडीज
सीरीज के पहले मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैमी ने कहा, "24 साल हो गए, हमने भारत में कोई सीरीज नहीं जीती है। यह हमारे लिए खुद को चुनौती देने और यह मापने का शानदार मौका है कि हम वनडे फॉर्मेट में कहां खड़े हैं। हमारे पास जो खिलाड़ी हैं, उनके लिए भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके इतिहास रचने का यह बेहतरीन अवसर है।" सैमी ने कहा कि अब टीम सिर्फ शाई होप पर निर्भर नहीं है। अमीर जांगू और शरफेन रदरफोर्ड जैसे खिलाड़ियों ने भी शतक लगाए हैं और मैच जिताऊ पारियां खेली हैं। वहीं तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ भी सीपीएल में एंटीगुआ को खिताब जिताकर शानदार फॉर्म में लौटे हैं।
स्पिनर विटेल लॉस पर होंगी नजरें
इस सीरीज में सबकी नजरें 19 साल के कलाई के जादूगर स्पिनर विटेल लॉस पर होंगी। लॉस ने जुलाई में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था, जो उनका लिस्ट-A डेब्यू भी था, और पहली ही सीरीज में 5.30 की इकॉनमी से 8 विकेट चटकाकर सबको हैरान कर दिया। सैमी ने युवा स्पिनर की तारीफ करते हुए कहा, "विटेल हमारे लिए एक खोज की तरह है। आपने मुझे सालों से वेस्टइंडीज टीम में एक रिस्ट स्पिनर की बात करते सुना होगा। उसने आते ही गेंदबाजी यूनिट पर असर डाला है। वह निकिता मिलर और रवि रामपाल के साथ कड़ी मेहनत कर रहा है। अभी लंबा सफर तय करना है, लेकिन हम उसके विकास पर काम कर रहे हैं।"
भारत बनाम वेस्टइंडीज वनडे सीरीज का शेड्यूल
पहला वनडे- 27 सितंबर, तिरुवनंतपुरम
दूसरा वनडे- 30 सितंबर, गुवाहाटी
तीसरा वनडे- 3 अक्टूबर, न्यू चंडीगढ़
