क्रिकेट

SLW vs WIW: लो-स्कोरिंग मैच में वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को हराकर लगाई जीत की हैट्रिक

SLW vs WIW: वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप में जीत की हैट्रिक लगा दी। लो-स्कोरिंग वाले इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। फिलहाल वेस्टइंडीज की टीम प्वाइंट्स टेबल में नंबर दो पर है।

Image

वेस्टइंडीज और श्रीलंका (साभार-X)

SLW vs WIW: रविवार को ब्रिस्टन, काउंटी ग्राउंड में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के 17वें मुकाबले में वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को 5 विकेट से हरा दिया। लो-स्कोरिंग वाले इस मुकाबले में वेस्टइंडीज को जीत के लिए केवल 99 रन की दरकार थी, जिसे उसने 23 गेंद शेष रहते 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह इस वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की तीसरी जीत जबकि श्रीलंका की दूसरी हार है। श्रीलंका ने एकमात्र मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 विकेट से जीता था।

इससे पहले वेस्टइंडीज की कप्तान हैली मैथ्यूज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनके गेंदबाजों ने फैसले को सही ठहराते हुए श्रीलंका को 100 रन के भीतर रोक दिया। श्रीलंका की टीम 19.4 ओवर में केवल 98 रन पर ऑल आउट हो गई। स्पिनरों के लिए मददगार इस पिच पर वेस्टइंडीज की कप्तान मैथ्यूज ने 15 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि कुल छह गेंदबाजों ने एक-एक विकेट चटकाए।

नीलाक्षिका सिल्वा ने श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 30 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होने के बाद टीम छह ओवर तक कोई बाउंड्री नहीं लगा पाई, जिसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ा और टीम केवल 98 रन बनाकर ढेर हो गई।

वेस्टइंडीज की खराब शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करते हुए पावरप्ले में वेस्टइंडीज का स्कोर दो विकेट पर 36 रन था। 12वें ओवर तक उसका स्कोर पांच विकेट पर 70 रन हो गया था, लेकिन स्टेफनी टेलर ने नाबाद 27 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। स्टेफनी का साथ जेनेलिया ग्लासगो ने दिया जो 15 गेंद में 10 रन बनाकर नाबाद रहीं। वेस्टइंडीज़ और इंग्लैंड इस ग्रुप मे अपने तीनों मैच जीते हैं और बुधवार को लॉर्ड्स में आमने-सामने होंगे। जीतने वाली टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। फिलहाल नेट रन रेट के आधार पर इंग्लैंड की टीम टॉप पर बनी हुई है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article