क्रिकेट

IND vs BAN: भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले बांग्लादेश के हेड कोच ने भरी हुंकार

बांग्लादेश के हेड कोच चंडिका हथरूसिंघा ने भारत के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज के आगाज से पहले हुंकार भरी है। हथरूसिंघा ने कहा है कि उनकी टीम संतुलित है और भारतीय टीम को सीरीज में कड़ी टक्कर देगी।

Image

चंडिका हथुरूसिंघा

KEY HIGHLIGHTS
  • चंडिका हथरूसिंघा ने कहा कि उनकी टीम है संतुलित
  • भारत को देगी सीरीज में कड़ी टक्कर
  • पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में जीत से बढ़ा आत्मविश्वास

चेन्नई: बांग्लादेश के हेड कोच चंडिका हथुरूसिंघा का मानना है कि उनकी टीम पाकिस्तान के खिलाफ पहली बार 2-0 से टेस्ट सीरीज जीतने से काफी आत्मविश्वास लेकर भारत को उसकी सरजमीं पर दो मैचों की सीरीज में चुनौती देगी। हेड कोच चंडिका ने कहा कि मौजूदा टीम देश की अब तक की सबसे संतुलित रेड-बॉल टीम है। पूर्व श्रीलंकाई ऑलराउंडर ने बताया कि पिछली दो टेस्ट जीत के बाद उन्हें टॉप टीमों के खिलाफ होने वाली सीरीज से पहले मनोबल बढ़ा है।

पाकिस्तान के खिलाफ जीत से बड़ा आत्मविश्वास

प्रेस कॉन्फ्रेंस में हथुरुसिंघा ने कहा,'यह (पाकिस्तान में जीत) निश्चित रूप से हमें इस सीरीज में आने से पहले बहुत आत्मविश्वास देती है। सीरीज के परिणाम के कारण नहीं, बल्कि जिस तरह से हमने उस सीरीज को खेला, उसमें हमने कुछ स्थितियों को संभाला। हम दोनों टेस्ट में पीछे थे और फिर हमने कैसे वापसी की और अलग-अलग लोगों ने अलग-अलग समय पर कैसे योगदान दिया। मुझे लगता है कि यह शायद बांग्लादेश की गई सबसे संतुलित टीम है।'

भारत को दे सकते हैं चुनौती

मेहमान टीम के हेड कोच ने बताया कि उनके पास किसी भी प्रतिद्वंद्वी को मात देने के लिए तीन विभागों में आवश्यक मजबूती है। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ खेलने से उन्हें अपनी ताकत की साफ तस्वीर मिलेगी। चंडिका ने कहा,'हमारे पास अच्छे तेज गेंदबाज हैं, हमारे पास वास्तव में अनुभवी स्पिन आक्रमण है और फिर बल्लेबाजी में, हमारे पास वास्तव में गहराई है। हमारे दो स्पिनर असली बल्लेबाज हैं, जिन्होंने टेस्ट शतक बनाए हैं और फिर हमारे दो विकेटकीपर हमारे मुख्य बल्लेबाज हैं। इसलिए इस श्रृंखला के लिए हमारी टीम के बल्लेबाज वास्तव में अच्छे हैं और इससे हमें बहुत आत्मविश्वास मिलता है कि हम इस सीरीज में प्रतिस्पर्धी हो सकते हैं।'

हमारी तेज गेंदबाजी में है गहराई

उन्होंने आगे कहा,'हमारे पास घर पर कुछ तेज गेंदबाज़ हैं और वास्तव में हमारे सबसे अच्छे गेंदबाजों में से एक अभी भी चोटिल है। इसलिए, जब ये सभी खिलाड़ी उपलब्ध हैं, तो यह देखना वाकई सुखद है कि हमारी तेज गेंदबाजी में कितनी गहराई है।' भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मैच गुरुवार से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। यह दो टेस्ट मैचों की सीरीज है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article