Pat Cummins Catch Video: फ्रैंक वॉरेल ट्रॉफी के दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने एक ऐसा कैच लपक़ा, जिसे क्रिकेट प्रेमी लंबे समय तक याद रखेंगे। यह कोई साधारण कैच नहीं था, बल्कि एक सुपरह्यूमन प्रयास था, जिसने एक बार फिर साबित कर दिया कि कमिंस क्रिकेट के मैदान पर कुछ भी कर सकते हैं।
वेस्टइंडीज के बल्लेबाज को मिली मात
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने वेस्टइंडीज के बल्लेबाज कीसी कार्टी को अपनी ही गेंद पर आउट किया, लेकिन यह आउट सामान्य नहीं था। कार्टी ने गेंद को बैट-पैड से मारा, जिसके बाद गेंद हवा में उछलकर बल्लेबाज के पास साइड पिच की ओर जाने लगी। आमतौर पर, गेंदबाज अपनी गेंद पर इतनी दूर जाती गेंद को पकड़ने की कोशिश भी नहीं करते, क्योंकि रन-अप के बाद उनका संतुलन बनाए रखना मुश्किल होता है।
कमिंस का अद्भुत प्रयास
लेकिन कमिंस ने हार नहीं मानी। उन्होंने गेंद को हवा में देखते ही तेजी से दौड़ लगाई और पूरी ताकत से छलांग लगाकर अपने कमजोर हाथ (बाएं हाथ) से गेंद को झपट लिया। यह कैच न सिर्फ मुश्किल था, बल्कि इसने कमिंस की अद्वितीय क्षमता को एक बार फिर साबित कर दिया।
दुनिया कमिंस को क्रिकेट इतिहास के सबसे महान गेंदबाजों और कप्तानों में से एक के रूप में जानती है। वह न सिर्फ जबर्दस्त गेंदबाजी करते हैं, बल्कि मुश्किल मौकों पर ऑस्ट्रेलिया के लिए महत्वपूर्ण पारियां भी खेल चुके हैं। फील्डिंग में भी वह हमेशा चुस्त दिखते हैं, हालांकि तेज गेंदबाजों से आमतौर पर यह उम्मीद नहीं की जाती। लेकिन आज के इस कैच ने साबित कर दिया कि कमिंस में कुछ भी करने की क्षमता है।
मैच की स्थिति
इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन वह सिर्फ 286 रनों पर ढेर हो गया। ब्यू वेबस्टर और एलेक्स केयरी ने अर्धशतक जड़े, लेकिन टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया पहले टेस्ट में 159 रनों से जीतकर सीरीज में 1-0 से आगे है।
