KL Rahul Reaction Viral: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले का नतीजा कुछ घंटों बाद आएगा, लेकिन मैदान पर एक बड़ा 'टोटका' काम कर गया है। भारतीय कप्तान केएल राहुल ने आखिरकार टॉस जीतकर, लगातार 20 मैचों से चले आ रहे भारत के टॉस हारने के दुर्भाग्यपूर्ण क्रम को तोड़ दिया है।
बाएं हाथ से सिक्का उछालने का टोटका
रांची में पहला और रायपुर में दूसरा वनडे टॉस हारने के बाद निराश केएल राहुल ने विशाखापत्तनम में टॉस जीतने के लिए एक नया तरीका आजमाया। उन्होंने इस बार दाएं हाथ की जगह बाएं हाथ से सिक्का उछाला। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने 'हेड्स' कहा, लेकिन सिक्का 'टेल' के रूप में केएल राहुल के पक्ष में गिरा। दाएं हाथ की जगह बाएं हाथ से सिक्का उछालने का राहुल का यह टोटका आखिरकार काम कर गया। टॉस जीतने के बाद राहुल काफी खुश नजर आए और उन्होंने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
20 मैच बाद मिली जीत
भारतीय टीम ने पूरे 20 मैचों के बाद टॉस जीता है। इससे पहले, भारतीय टीम ने आखिरी बार वनडे विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीता था, जिसके बाद से यह सिलसिला जारी था।सीरीज की बात करें तो, रांची में खेला गया पहला वनडे भारतीय टीम ने 17 रन से जीता था, जबकि रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे में दक्षिण अफ्रीका ने 359 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी। यह दक्षिण अफ्रीका की घर के बाहर लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी वनडे जीत थी। विशाखापत्तनम में खेला जा रहा यह मुकाबला सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच है, जिसकी विजेता टीम सीरीज पर कब्जा करेगी। दोनों ही टीमों के प्रदर्शन को देखते हुए मैच के रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
इस निर्णायक मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है:
भारत की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।
दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: रेयान रिकेल्टन, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, एडेन मार्करम, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, ओटनील बार्टमैन।
