Glenn Maxwell golden duck: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के 9वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम की टक्कर ओमान से हो रही है। वेस्टइंडीज के बारबाडोस में आयोजित मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की तरफ से चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ग्लेन मेक्सवेल एक बार फिर से कुछ कमाल नहीं कर पाए। मेक्सवेल का आईपीएल 2024 का खराब फॉर्म यहां भी जारी रहा और वे बिना खाता खोले ही आउट हो गए।
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने संभली हुई शुरुआत की। टीम ने पहले 6 ओवर में केवल 37 रन बनाए। टीम को इस दौरान ट्रेविस हेड के रुप में एक बड़ा झटका भी लगा। इसके बाद डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने पारी को संभाला। 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर कप्तान आउट हो गए। ऐसे में टीम मुश्किल में थी और साझेदारी की जरूरत थी। ऐसे में मेक्सवेल आए। उनसे सभी को काफी उम्मीदें थी लेकिन वे फेल रहे और पहली ही गेंद पर आउट हो गए।
आकिब इलियास ने पकड़ा हेरतंगेज कैच
ग्लेन मेक्सवेल के विकेट में गेंदबाज मेहरान के अलावा कप्तान आकिब इलिसाय का भी खास योगदान रहा। मेहरन की गेंद पर मेक्सवेल ने कवर्स की ओर शॉट मारना चाहा। गेंद गैप में से निकल रही थी लेकिन आकिब इलियास दौड़कर आए और नीचे कूदकर एक बेहतरीन कैच लपका। इस कैच को देखकर हर कोई हैरान रह गया।
लगातार फ्लॉप हो रहे मेक्सवेल
ग्लेन मेक्सवेल का हालिया फॉर्म कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने आईपीएल में भी कुछ कमाल नहीं किया। पहले कुछ मैचों में फ्लॉप होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने कुछ मैचों में ब्रेक भी लिया। मेक्सवेल के पास एलिमिनेटर में वापसी का सुनहरा मौका था लेकिन वहां पर भी वे बिना खाता खोले ही चल पड़े। ऐसे में क्रिकेट की पिछली दो पारियों में मेक्सवेल के बल्ले से एक रन भी नहीं आया है। ये ऑस्ट्रेलिया के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।
