मेलबर्न: भारतीय टीम (India Cricket team) के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने पिछले 12 से 18 महीनों में टी20 क्रिकेट में प्रत्येक भारतीय क्रिकेट फैन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। सूर्यकुमार यादव अपनी अनोखी बल्लेबाजी, सकारात्मक इरादा और निरंतरता के कारण टी20 प्रारूप में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक बने और मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में उनका शानदार फॉर्म जारी है।
सूर्यकुमार यादव ने कुछ महीनों में टी20 में खुद को महत्वपूर्ण खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है। सूर्यकुमार यादव ने हाल ही में जिंबाब्वे के खिलाफ 25 गेंदों में नाबाद 61 रन की तूफानी पारी खेली थी और इसी दौरान वो साल 2022 में 1000 या ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने। वैसे सूर्या दुनिया के दूसरे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने एक कैलेंडर ईयर में 1000 या ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन बनाए। सूर्या ने अपने दम पर भारत को 186 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
सूर्यकुमार यादव के प्रशसंकों की फेहरिस्त में पाकिस्तान के दो महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम और वकार यूनिस का नाम भी शामिल हो गया है। पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने कहा कि सूर्यकुमार यादव दूसरे ग्रह से आया है जबकि वकार यूनिस ने कहा कि सूर्या ने गेंदबाजों की नाक में दम कर रखा है कि वो उन्हें किस क्षेत्र में गेंदबाजी करें। वसीम अकरम ने एक जगह बातचीत में कहा, 'मेरे ख्याल से वो अलग ग्रह से आया है। वो किसी से भी एकदम अलग है। जितने रन उसने बनाए हैं, उसको खेलते देखने में मजा आता है और सिर्फ जिंबाब्वे ही नहीं बल्कि शीर्ष गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ भी शानदार बल्लेबाजी करते हैं।'
वहीं वकार यूनिस ने कहा, 'गेंदबाज जाए तो जाए कहां। टी20 में सूर्या को आउट करने का सर्वश्रेष्ठ तरीका क्या है? मेरा मतलब है कि वनडे और टेस्ट में आप उन्हें आउट करने की योजना बना सकते हैं। मगर टी20 में गेंदबाज बैकफुट पर रहते हो और जब कोई इस तरह के फॉर्म में हो तो उसे गेंदबाजी करना बेहद मुश्किल है। मेरे ख्याल से पाकिस्तान ने पिछले मैच में सूर्या के खिलाफ अच्छा खेल दिखाया, उन्होंने शॉर्ट गेंदों से प्रहार किया। शायद उन्हें आउट करने का यही सही तरीका है।'
