क्रिकेट

RCB vs SRH: 'मैंने प्लान बनाया था कि...' देवदत्त पडिक्कल ने विराट के अरमानों पर फेरा पानी! कोहली ने खुद किया खुलासा

RCB vs SRH: आईपीएल 2026 का धमाकेदार आजाग हुआ। शनिवार, 28 मार्च को खेले गए पहले मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से पटखनी दी। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी में आरसीबी के लाडले विराट कोहली ने रन चेज करते हुए मैच जिताऊ पारी खेली। मैच के बाद उन्होंने अपनी पारी और मैदान पर वापसी करने को लेकर बहुत कुछ कहा।

Image

विराट कोहली। फोटो- IPL

Virat Kohli IPL 2026: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार विराट कोहली एक बार फिर मैदान पर उतरे। पिछले साल टी20 मैच खेलने वाले विराट कोहली ने आईपीएल में धमाकेदार शुरुआत की। अपने होम ग्राउंड और फैंस के सामने विराट ने 38 गेंद पर नाबाद 69 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। अपनी वापसी पर विराट कोहली ने अपने दिल की बात कही। साथ ही देवदत्त पडिक्कल को लेकर बड़ा बयान दिया।

मैच के बाद विराट कोहली ने कहा, मैदान में वापस आकर काफी अच्छा लग रहा है। आपने टी20 क्रिकेट का जिक्र किया तो आखिरी बार मैंने आईपीएल फाइनल के रूप में पिछले साल कोई टी20 मैच खेला था। हालांकि जिस तरह से मैंने वनडे सीरीज में बल्लेबाजी की थी उससे मुझे मोमेंटम में रहने में काफी मदद मिली। मैं वो शॉट खेलने की कोशिश नहीं कर रहा था जो शॉट मैं नहीं खेलता हूं। मुझे पता हैं कि जब तक मैं लय में हूं और मैंने अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है।

'मैं अधूरी तैयारी के साथ नहीं आता'

विराट ने आगे कहा, इसी वजह से चीजें मेरे लिए आसान हो गई हैं। पिछले 15 साल में जिस तरह की हमारी शेड्यूलिंग थी और जितनी क्रिकेट हम खेलते थे, उसमें हमेशा ही पूरी तरह से थक जाने का रिस्क था। इसी वजह से अब जो ब्रेक मुझे मिल रहा है, उससे मुझे काफी मदद मिलती है। अब मैं काफी फ्रेश और एक्साइटेड रहता हूं। जब भी मैदान में आता हूं तो अपना 120 प्रतिशत देने की कोशिश करता हूं। मैं अधूरी तैयारी के साथ नहीं आता। जब तक आप शारीरिक और मानसिक रूप से फिट हैं और टीम के लिए अपना योगदान दे रहे हैं, तब तक अच्छा है।

'मैंने प्लान बनाया था लेकिन...'

कोहली ने देवदत्त पडिकक्ल को लेकर कहा, एक खिलाड़ी के तौर पर आप यही चाहते हैं। देवदत्त पडिक्कल ने काफी जबरदस्त पारी खेली। मैंने प्लान बनाया था कि मैं पावरप्ले में आक्रामक शॉट खेलुंगा लेकिन जब मैंने देखा कि पडिक्कल काफी अच्छी तरह से हिट कर रहे हैं तो मैंने उन्हें स्ट्राइक देना शुरु कर दिया। पडिक्कल पूरी तरह से गेम को विपक्षी टीम से दूर लेकर गए। पडिक्कल ने जब स्लोअर बॉल पर मिड ऑन के ऊपर से छक्का लगाया तो मैंने उनसे कहा कि रुकना नहीं है। आप गेंद को अच्छी तरह से हिट कर रहे हैं और ऐसे ही करते रहिए और गेम को दूर लेकर जाइए।

पडिक्कल में है दम

RCB के पूर्व कप्तान ने कहा, अगर हम 25-26 गेंद शेष रहते मैच खत्म करते हैं तो इससे नेट रन रेट पर भी असर पड़ेगा। मैंने पडिक्कल को काफी करीब से देखा है और डोमेस्टिक में उन्होंने जिस तरह से खेला है, उसका उन्हें फायदा मिला। उनकी टाइमिंग, हेड पोजिशन और बैलेंस काफी शानदार था। मुझे पता है कि कॉन्फिडेंट होने पर पडिक्कल क्या कर सकते हैं।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article