Virat Kohli Out Of IND vs AFG ODI Series: टीम इंडिया के शीर्ष बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। तीन मैचों की यह सीरीज 13 जून से धर्मशाला में शुरू होनी है। हाल ही में विराट कोहली ने आरसीबी की दूसरी आईपीएल खिताबी जीत का स्वाद चखा और उसके बाद वो वृंदावन में पत्नी अनुष्का के साथ प्रेमानंद जी महाराज के यहां दिखाई दिए थे। वनडे सीरीज में उनको देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित थे लेकिन अब वो इस सीरीज से बाहर रहेंगे, इस खबर से जाहिर तौर पर फैंस का दिल टूटा होगा।
सूत्रों के मुताबिक हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण विराट कोहली वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। 37 साल की उम्र में भी अपनी बेजोड़ फिटनेस के लिए मशहूर विराट कोहली हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल में शानदार फॉर्म में थे, जहां उन्होंने आरसीबी को लगातार दूसरी बार खिताब दिलाया। उन्होंने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ फाइनल में विजयी रन बनाए थे।
विराट कोहली की अनुपस्थिति आगामी सीरीज की चमक फीकी कर देगी। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को पहले ही अलविदा कह चुके हैं, वो अब सिर्फ एक ही फॉर्मेट (ODI) के खिलाड़ी हैं, लेकिन दुनिया भर के प्रशंसकों के बीच वह आज भी बेहद लोकप्रिय हैं।
क्या रोहित शर्मा वनडे सीरीज में खेलेंगे?
यह देखना बाकी है कि रोहित शर्मा अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं। हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण आईपीएल में उनके प्रदर्शन पर असर पड़ने के बाद उन्हें फिटनेस के आधार पर टीम में शामिल किया गया था। कयास लगाए जा रहे हैं कि शायद रोहित शर्मा भी अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं पाएंगे या कुछ ही मैचों का हिस्सा बनेंगे। हालांकि जब टीम घोषित हुई थी तो विराट कोहली और रोहित शर्मा, दोनों का नाम ही टीम में शामिल किया गया था।
