क्रिकेट

वनडे में शतकों के बाद तेंदुलकर का एक और विराट रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं कोहली, पोंटिंग की बड़ी भविष्यवाणी

Virat Kohli can break Tendulkar Record: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने लगातार अपने प्रदर्शन से सभी को इंप्रेस किया है। कोहली ने हाल ही में वनडे में 14 हजार रन पूरे किए हैं और ऐसे में रिकी पोंटिंग का मानना है कि वे सचिन तेंदुलकर का सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

Image

विराट कोहली (फोटो -BCCI)

Virat Kohli can break Tendulkar Record: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा कि उन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट में विराट कोहली से बेहतर कोई खिलाड़ी नहीं देखा है। पोंटिंग ने यह भी उम्मीद जताई कि कोहली वनडे क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के सर्वाधिक रन के रिकॉर्ड को तोड़ने में सफल रहेंगे।विराट कोहली ने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के मैच में नाबाद 100 रन की शानदार पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का 51वां शतक था। कोहली की इस पारी के दम पर भारत ने यह मैच 6 विकेट से जीता।

मैंने कोहली से बेहतर खिलाड़ी नहीं देखा- पोंटिंग

पोंटिंग ने आईसीसी रिव्यू में कहा, "मुझे नहीं लगता कि मैंने 50 ओवर के प्रारूप में विराट कोहली से बेहतर खिलाड़ी देखा है। अब जबकि वह (सर्वाधिक रन बनाने के मामले में) मुझसे आगे निकल गए हैं और केवल दो बल्लेबाज ही उनसे आगे हैं, तो मुझे पूरा यकीन है कि वह इस प्रारूप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में याद किए जाएंगे।"कोहली ने अपने इस शतक के दौरान वनडे क्रिकेट में 14,000 रन भी पूरे किए। वह सचिन तेंदुलकर और श्रीलंका के कुमार संगकारा के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज हैं। हालांकि, कोहली (14,085 रन) अभी भी तेंदुलकर (18,426 रन) से 4,341 रन पीछे हैं।

36 साल की उम्र में कोहली के पास इस मुकाम पर पहुंचने के लिए सीमित समय है, लेकिन पोंटिंग को नहीं लगता कि यह असंभव है। उन्होंने कहा, "निश्चित तौर पर शारीरिक रूप से वह पहले की तरह फिट हैं और अपने खेल के इस पहलू पर असाधारण रूप से कड़ी मेहनत करते हैं। जब आप इसके बारे में सोचते हैं तो हैरानी होती है। विराट पिछले कई वर्षों से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद अब भी तेंदुलकर से 4,000 रन पीछे हैं।"

पोंटिंग ने आगे कहा, "इससे न सिर्फ यह पता चलता है कि सचिन कितने अच्छे बल्लेबाज थे, बल्कि यह भी पता चलता है कि वह कितने लंबे समय तक इस खेल को खेलते रहे। लेकिन विराट जैसे खिलाड़ी को आप कभी चुका हुआ नहीं मान सकते हैं। अगर उनमें अब भी रन बनाने की भूख है, तो मैं कभी यह नहीं कहूंगा कि वह तेंदुलकर का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकते हैं।"विराट कोहली ने अपने करियर में लगातार शानदार प्रदर्शन करके क्रिकेट जगत में अपनी धाक जमाई है। अब उनकी नजर सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड पर है, और पोंटिंग जैसे दिग्गजों का मानना है कि कोहली इस मुकाम को हासिल कर सकते हैं।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article