भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में शुमार और इन दिनों आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिए धमाल मचा रहे हैं स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने दिल्ली के DPS आर के पुरम में वेस्ट दिल्ली क्रिकेट अकादमी की एक ब्रांच का उद्घाटन किया। उनके बचपन के कोच राजकुमार शर्मा भी उनके साथ थे। इस दौरान उन्होंने अकादमी के युवा खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया।
विराट कोहली के बचपन के कोच, राजकुमार शर्मा का कहना है, "मैं बहुत खुश हूं। मैं डीपीएस आरके पुरम का आभारी हूं कि उन्होंने हमें यह अवसर दिया, यहां एक गुणवत्ता अकादमी के लिए अपना बुनियादी ढांचा दिया। मुझे बहुत उम्मीद है कि यहां के बुनियादी ढांचे और माहौल को देखते हुए, और हमारी अकादमी में जिस तरह की मेहनत की जा रही है, मुझे बहुत उम्मीद है कि हम विराट कोहली जैसे और खिलाड़ियों को देश के लिए तैयार करने में सक्षम होंगे।"
गौरतलब है कि राजकुमार शर्मा ने विराट कोहली सहित कई शानदार क्रिकेटरों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है जिनमें से कुछ इस समय भारत के घरेलू क्रिकेट में खेल रहे हैं, जबकि तमाम ऐसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी हैं जो भविष्य में भारत का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता रखते हैं।
विराट कोहली फिलहाल आईपीएल 2026 में व्यस्त हैं। वो दिल्ली और आरसीबी के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में हुए मुकाबले के लिए दिल्ली पहुंचे थे। इस मैच में आरसीबी ने दिल्ली को कुल 75 रन पर ऑल-आउट करते हुए 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इसी दौरान विराट कोहली ने नया इतिहास भी रचा है। विराट कोहली ने आईपीएल करियर में 9000 रन पूरे कर लिए हैं। विराट कोहली पहले ऐसे खिलाड़ी बने हैं जिन्होंने 9 हजार रन का आंकड़ा छूने का कमाल किया है।
अब तक विराट कोहली आईपीएल 2026 के 8 मैचों में खेलते हुए 351 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले हैं। गौरतलब है कि विराट कोहली अब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और इस प्रारूप में सिर्फ आईपीएल खेलते हैं। वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सिर्फ वनडे फॉर्मेट में सक्रिय हैं।
