Virat Kohli half century: 19 फरवरी 2025 से खेली जाने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक खुशखबरी सामने आई है। दरअसल चेज मास्टर विराट कोहली की फॉर्म में वापसी हो गई है। इंग्लैंड के खिलाफ कटक में खेले गए दूसरे वनडे में 10 रन भी नहीं बना पाने वाले विराट कोहली ने अहमदाबाद में रनों का अंबार लगा दिया। वे शुरुआत से ही लय में दिखे और स्पिनर्स को आड़े हाथों लिया। कोहली ने 451 दिनों बाद वनडे में अर्धशतक जड़ा है। उनकी आखिरी हाफ सेंचुरी वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में आई थी जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 54 रन बनाए थे।
इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में विराट कोहली की बल्लेबाजी काफी जल्दी आ गई थी। ऐसे में शुरुआत में उन्हें मार्क वुड के प्रहार का सामना करना पड़ा। वुड कोहली को पाचवें स्टंप पर गेंदबाजी कर रहे थे और कोहली को छेड़ने की कोशिश कर रहे थे हालांकि विराट संभले रहे और जैसे ही स्पिनर्स आए उन्होंने प्रहार शुरू कर दिया और धीरे-धीरे चलते हुए अर्धशतक पूरा कर लिया।
इंग्लैंड के खिलाफ रचा इतिहास
विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में 4 हजार रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इस लिस्ट में एक्टिव प्लेयर्स में केवल स्टीव स्मिथ का ही नाम शामिल है। जिनके 4815 रन हैं। वहीं डॉन ब्रेडमैन 5 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं।
लेग स्पिनर के खिलाफ फिर दिखी परेशानी
विराट कोहली बेहतरीन लय में नजर आ रहे थे लेकिन वे एक बार फिर से आदिल राशिद की बाहर जाती गेंद पर आउट हो गए। वर्ल्ड कप 2023 के बाद कोहली ने चार पारियां खेली है और चारों में वे लेग स्पिनर के खिलाफ ही आउट हो गए हैं। ऐसे में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले कोहली को इसे सुधारना होगा।
