रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैच की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला इंदौर में खेला जाएगा। यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए अहम है क्योंकि यह मुकाबला निर्णायक है और इसे जीतने वाली टीम सीरीज अपने नाम कर लेगी। इस अहम मुकाबले से पहले शानदार फॉर्म में चल रहे स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने महाकाल के शरण में हाजिरी लगाई है। विराट कोहली के साथ भारतीय टीम के स्पिन के जादूगर कुलदीप यादव भी मौजूद थे। दोनों महाकाल की अलौकिक भस्म आरती में भी शामिल हुए। यह पहली बार नहीं है जब वह किसी अहम मुकाबले से पहले भगवान की शरण में पहुंचे हैं। पिछले कुछ सालों से पूजा-पाठ और धर्म के प्रति विराट कोहली की आस्था किसी से छिपी नहीं है। मैदान पर आक्रामक नजर आने वाले विराट के जीवन में इसका गहरा प्रभाव भी दिखने लगा है। आक्रामक रहने वाले विराट अब मैदान पर एकदम कूल नजर आते हैं। जिसका फायदा उनके करियर को भी हुआ है।
