क्रिकेट

DC vs PBKS: दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट डायरेक्टर ने बताई पंजाब किंग्स के खिलाफ हार की वजह

दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक वेणुगोपाल राव ने बताया है कि उनकी टीम को 264 रन का स्कोर खड़ा करने के बावजूद पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में क्यों हार का सामना करना पड़ा।

Image

दिल्ली कैपिटल्स बनाम पंजाब किंग्स (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

नई दिल्ली: पंजाब किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग मैच में शनिवार को यहां बड़ा स्कोर खड़ा करने के बावजूद हार का सामना करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक वेणुगोपाल राव ने कहा कि खराब क्षेत्ररक्षण और मुख्य तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी के चोटिल होने के कारण टीम को हार का सामना करना पड़ा।

कैपिटल्स ने लोकेश राहुल की नाबाद 152 रन की पारी की मदद से दो विकेट पर 264 रन का अपना रिकॉर्ड स्कोर बनाया, लेकिन पंजाब किंग्स ने सात गेंद शेष रहते चार विकेट पर 265 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच के बाद वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा,'सिर्फ दो नहीं, हमने करीब छह कैच छोड़े। अहम मौकों पर कैच छोड़ेंगे तो ऐसे मैच जीतना मुश्किल है। प्रभसिमरन, प्रियांश आर्य और श्रेयस जैसे खिलाड़ियों के मौके हमें भुनाने चाहिए थे। अगर हम कैच छोड़ेंगे तो लक्ष्य का बचाव नहीं कर सकते।'

उन्होंने लुंगी एनगिडी की चोट के बारे में पूछे जाने पर कहा,'फिलहाल हमें लगता है कि चोट गंभीर नहीं है। खिलाड़ी अभी अस्पताल में है। हम अपडेट देंगे, लेकिन स्थिति ज्यादा चिंताजनक नहीं है।' दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनगिडी को चोट लगने के बाद एंबुलेंस से स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अब उनकी हालत स्थिर है और उन्हें जल्द ही छुट्टी मिल जाएगी। पंजाब किंग्स की पारी के तीसरे ओवर में कप्तान अक्षर पटेल की गेंद पर प्रियांश आर्य के शॉट पर मिड-ऑफ पर खड़े एनगिडी कैच लेने के लिए पीछे की ओर भागे, लेकिन गेंद का सही अनुमान नहीं लगा सके और संतुलन बिगड़ने के कारण गिर पड़े। इस दौरान उनका कंधा और सिर जोर से जमीन से टकराया।

वेणुगोपाल ने कहा,'खिलाड़ियों की सुरक्षा सबसे पहले है। हम यह खेल खेलते हैं, लेकिन सुरक्षा सर्वोपरि है। एनगिडी अगर गेंदबाजी करते तो उनकी 24 गेंद यानी चार ओवर टीम के लिए बड़ा अंतर पैदा करते। उन्होंने लगभग सभी मैचों में अच्छी गेंदबाजी की है। हमें उम्मीद है कि एनगिडी जल्द ठीक होकर वापसी करेंगे।'

भारत के इस पूर्व बल्लेबाज ने हालांकि राहुल की तारीफ करते हुए कहा,'इतना बड़ा स्कोर खड़ा करने का श्रेय केएल राहुल को जाता है। उन्होंने जिस तरह बल्लेबाजी संभाली, वह शानदार था। पिच कैसी खेल रही है, यह समझना मुश्किल था, लेकिन उन्होंने लगातार अच्छे शॉट खेले। आखिरी ओवर तक उनका खेल काबिल-ए-तारीफ रहा'। उन्होंने कहा, "हमारे बल्लेबाजों ने परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाला, इसके लिए उन्हें श्रेय देना चाहिए। किसी को उम्मीद नहीं थी कि पिच इतनी अच्छी होगी। पंजाब ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की और मैच को हाथ से नहीं जाने दिया। पहले छह ओवर में उनकी बल्लेबाजी ने मैच बदल दिया।'

वेणुगोपाल ने कहा कि पंजाब ने पावरप्ले में ही मैच का रुख तय कर दिया था। उन्होंने कहा,'हमने पंजाब को हल्के में नहीं लिया था। वे अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं और अंक तालिका में शीर्ष पर थे। इस फॉर्मेट में टीमें आक्रामक खेलती हैं। पावरप्ले बेहद अहम होता है। जब उन्होंने छह ओवर में 110 से ज्यादा रन बना लिए, वहीं से मैच का रुख बदल गया।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article