अभी ज्यादा वक्त नहीं बीता जब यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग के उद्घाटन में टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ ने वैभव सूर्यवंशी का तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि टेस्ट क्रिकेट को लोकप्रियता को फिर से बहाल करने के लिए वैभव जैसे खिलाड़ियों का आना जरूरी है। अब वैभव सूर्यवंशी को लेकर 1983 वर्ल्ड कप विनिंग टीम के सदस्य रहे एस श्रीकांत ने बड़ी बात कही है।
अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए श्रीकांत ने कहा 'वैभव शानदार क्रिकेट खेल रहे हैं और उन्हें लगातार प्रोत्साहित करना चाहिए। वह क्रिकेट का नया सुपरस्टार बनने की राह पर है। वह टेस्ट के रोमांच को फिर से वापस ला सकता है। सबने केवल वैभव के कारण दलीप ट्रॉफी देखा। यहां तक की मेरी पत्नी ने भी दलीप ट्रॉफी मैच देखे। वह आगे चलकर वर्ल्ड क्रिकेट का बड़ा स्टार बनने वाले हैं।
श्रीकांत ने कहा कि इस खिलाड़ी में तीनों फॉर्मेट खेलने की क्षमता है। उन्होंने रेड बॉल क्रिकेट में भी उनके फीयरलेस अप्रोच की तारीफ की। उन्होंने कहा 'उसने शानदार प्रदर्शन किया। कोई भी इसके हाई लेवल क्रिकेट खेलने की संभावना पर शक नहीं कर सकता। वह क्रिकेट के हर स्तर पर खेल सकता है। वह जल्द ही वर्ल्ड क्रिकेट में हर फॉर्मेट पर राज करेगा। वह रेड बॉल क्रिकेट में मीडियम पेसर की जमकर धुलाई कर रहा है। वह ऐसे गेंदबाजों के साथ खिलवाड़ कर रहा है।”
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- श्रीलंका के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम का ऐलान, ओवर्टन की हुई वापसी
वैभव ने हाल ही में दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मैच में अर्धशतक जड़कर 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। वह दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। उन्होंने यह कारनामा केवल 15 साल और 157 दिन की उम्र में किया था। अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी सीरीज में भी वैभव टीम इंडिया का हिस्सा हैं। इससे पहले उन्होंने भारत के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैच की टी20 सीरीज में 151 रन बनाए थे। भारत ने यह सीरीज 3-0 से अपने नाम किया था।
