क्रिकेट

तिलक वर्मा ने किया परेशान तो वैभव सूर्यवंशी ने सरेआम लिया बदला, Video आया सामने

Vaibhav Sooryavanshi Tilak Varma Fight Video: तिलक वर्मा की स्लेजिंग के बाद वैभव थोड़ा दबाव में दिखे और जल्द ही चामा मिलिंद की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद चौथे दिन वैभव सूर्यवंशी ने अपने अंदाज में तिलक वर्मा को जवाब दिया।

Image

वैभव सूर्यवंशी ने तिलक वर्मा को दिया जवाब (फोटो साभार- X)

Vaibhav Sooryavanshi Tilak Varma Fight Video: दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईशान किशन की कप्तानी वाली टीम ईस्ट जोन ने पहली पारी के बढ़त के आधार पर साउथ जोन को हराकर 13 साल बाद खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में सिर्फ बल्ले और गेंद का जंग नहीं, बल्कि जुबानी जंग भी देखने को मिली। खिताबी मुकाबले में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी और साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा के बीच एक ऐसा वाकया सामने आया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।

तिलक और वैभव के बीच मजेदार छीटाकशी

दरअसल, दोनों के बीच पूरा मामला पहले दिन शुरू हुआ था। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी थी। वैभव सूर्यवंशी ने आते ही आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने भारत के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के एक ही ओवर में दो चौके और एक छक्का जड़कर सबको चौंका दिया। सिर्फ 37 गेंदों में उन्होंने 44 रन ठोक डाले, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल था। वैभव का यह अंदाज साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा को रास नहीं आया। इसके बाद तिलक वर्मा उनके पास आए और स्टंप माइक में साफ सुनाई दिया कि वह कह रहे हैं, "क्या यार, ये वाइस-कैप्टन है?"।

पहले तिलक ने की स्लेजिंग

तिलक की इस स्लेजिंग के बाद वैभव थोड़ा दबाव में दिखे और जल्द ही चामा मिलिंद की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद चौथे दिन जब साउथ जोन अपनी पहली पारी में ईस्ट जोन के 708 रनों के पहाड़ के सामने 336 पर सिमट रही थी। तब तिलक वर्मा 99 रन बनाकर क्रीज पर संघर्ष कर रहे थे। इसी समय वैभव सूर्यवंशी तिलक वर्मा के पास आते हैं। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि वैभव सूर्यवंशी तिलक वर्मा को हल्के से कंधे से टक्कर मारते हुए आगे निकल जाते हैं। तिलक को ये बात बिल्कुल पसंद नहीं आई और उन्होंने तुरंत अंपायर से शिकायत कर दी।

वैभव ने मजेदार लिया बदला

इसके बाद अंपायर ने वैभव को चेतावनी देने लगे तो उन्होंने जो जवाब दिया, वह अब ज्यादा वायरल हो रहा है। उन्होंने मुस्कुराते हुए अंपायर से कहा, "सर, फर्स्ट इनिंग में तो मेरे साथ भी ऐसे ही हुआ था। इसमें मेरी गलती नहीं है।" ये सुनते ही कॉमेंटेटर्स भी हंस पड़ते हैं। क्रिकेट फैंस इस पूरे ड्रामे को "15 साल के बच्चे का सरेआम बदला" बता रहे हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article