क्रिकेट

U19 World Cup 2026, england u-19 vs pakistan u-19: पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ हार के साथ की विश्व कप में शुरुआत

पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम को विश्व कप में अपने पहले मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। जानिए कैसा रहा मैच का हाल।

England U19 Cricket team

इंग्लैंड अंडर-19 क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट ICC X)

england u-19 vs pakistan u-19 Highlights: फरहान यूसुफ की कप्तानी वाली पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम को जिंबाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेले जा रहे विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड की टीम मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.5 ओवर में 210 रन बनाकर ढेर हो गई। इसके बाद जीत के लिए 211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम इंग्लैंड की कसी हुई गेंदबाजी के खिलाफ 46.3 ओवर में 173 रन बनाकर ढेर हो गई। पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसुफ की 65 रन की पारी पर पानी फिर गया और इंग्लैंड ने मुकाबला 37 रन के अंतर से अपने नाम कर लिया।

210 रन पर सिमटी इंग्लैंड की टीम

हरारे के ताकाशिंगा स्पोर्ट्स क्लब में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी इंग्लैंड की टीम 46.5 ओवरों में 210 रन पर सिमट गई। बीजे डॉकिन्स और जोसेफ मूर्स की सलामी जोड़ी ने 7 ओवरों में 33 रन की साझेदारी की। जोसेफ 7 रन बनाकर आउट हुए, जबकि डॉकिन्स ने 38 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों की मदद से 33 रन की पारी खेली। यह टीम 90 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से राल्फी बी अल्बर्ट ने कैलेब फॉल्कनर के साथ पांचवें विकेट के लिए 86 गेंदों में 80 रन जोड़कर टीम को 170 के स्कोर तक पहुंचाया। अल्बर्ट 37 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए, जबकि फाल्कनर ने 73 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 66 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से अहमद हुसैन ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, अली रजा, अब्दुल सुभान और मोमिन कमर ने 2-2 विकेट निकाले।

पाकिस्तान के कप्तान की अर्धशतकीय पारी पर फिरा पानी

इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 46.3 ओवरों में सिर्फ 173 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान के लिए कप्तान फरहान यूसुफ ने सर्वाधिक 65 रन की पारी खेली। उन्होंने 86 गेंदों में 4 छक्के और 3 चौके लगाए। मोमिन कमर 18 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि हुजैफा अहसान ने 17 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इंग्लैंड की तरफ से एलेक्स ग्रीन, जेम्स मिंटो और अल्बर्ट ने 2-2 विकेट निकाले। मैनी लुम्सडेन और फरहान अहमद ने 1-1 विकेट हासिल किया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ग्रुप-बी की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है। यह टीम 18 जनवरी को अपने अगले मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ उतरेगी। वहीं, पाकिस्तान 19 जनवरी को स्कॉटलैंड का सामना करेगा।

(IANS इनपुट के साथ)

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article