क्रिकेट

U19 World Cup 2026, AFG U-19 vs SA U-19 Match Highlights: अफगानिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को पटखनी देकर की अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत

अफगानिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंडर-19 विश्व कप 2026 में 28 रन के अंतर से जीत के साथ शुरुआत की है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Image

अफगानिस्तान अंडर-19 क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट ICC X)

विंडहोक: अफगानिस्तान ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 28 रन से जीत दर्ज करते हुए अपने अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 अभियान की शानदार शुरुआत की। शुक्रवार को हाई परफॉर्मेंस ओवल में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी अफगान टीम ने 8 विकेट खोकर 266 रन बनाए। खालिद अहमदजई ने उस्मान सदात के साथ 7.2 ओवरों में 31 रन जुटाए। उस्मान 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद अहमदजई ने फैजल शिनोजादा के साथ दूसरे विकेट के लिए 166 गेंदों में 152 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 183 के स्कोर तक पहुंचाया।

खालिद 102 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 74 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसी स्कोर पर फैजल शिनोजादा और महबूब खान भी चलते बने। फैजल 95 गेंदों में 2 छक्कों और 8 चौकों के साथ 81 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान महबूब अपना खाता तक नहीं खोल सके। आलम ये रहा कि टीम ने 186 के स्कोर तक 5 विकेट गंवा दिए।

यहां से उजैर उल्लाह नियाजी ने नूरिस्तानी उमरजई और खातिर स्टानिकजई के साथ क्रमश: छठे और सातवें विकेट के लिए 35-35 रन की साझेदारी की। नियाजी 51 गेंदों में 8 चौकों के साथ 51 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से बुयांडा माजोला और कॉर्न बोथा ने 3-3 विकेट हासिल किए। वहीं, जेजे बासन ने 1 विकेट निकाला।

इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 47.4 ओवरों में महज 238 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 49 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। यहां से जेसन रोल्स ने अरमान मनैक के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन जुटाकर टीम को संभालने की कोशिश की। अरमान टीम के खाते में 15 रन का योगदान देकर पवेलियन लौटे। यहां से जेसन ने पॉल जेम्स (4) के साथ पांचवें विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी करते हुए स्कोर 155 रन तक पहुंचाया। जेसन रोल्स 3 छक्कों और 9 चौकों के साथ 98 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कॉर्न बोथा ने 25 रन का योगदान दिया, लेकिन साउथ अफ्रीका को हार से बचा नहीं सके। अफगानिस्तान की ओर से अब्दुल अजीज और खातिर स्टानिकजई ने 2-2 सफलताएं हासिल कीं, जबकि नूरिस्तानी उमरजई और हाफिज जादरान ने 1-1 विकेट हासिल किए।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article