क्रिकेट

जानिए कौन हैं 20 साल के क्रिकेटर यश धुल, जिनकी हर जगह हो रही है चर्चा

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 28, 2022, 04:03 PM IST

Who is Yash Dhull: भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली टी20 और वनडे अंतरराष्ट्रीय द्विपक्षीय सीरीज के लिए मंगलवार रात टीम इंडिया का ऐलान हो गया। टी20 टीम में कुछ नए चेहरों को जगह मिली लेकिन यश धुल चूक गए। फिर भी इस युवा खिलाड़ी की सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा रही। जानिए कौन हैं यश धुल।

Image

जानिए कौन हैं 20 साल के क्रिकेटर यश धुल, जिनकी हर जगह हो रही है चर्चा

KEY HIGHLIGHTS
  • कौन हैं युवा भारतीय खिलाड़ी यश धुल?
  • भारत-श्रीलंका सीरीज के लिए टीम में नहीं हुआ चयन
  • सोशल मीडिया पर लगातार हो रही थी इनकी चर्चा

India vs Sri Lanka, IND vs SL, Yash Dhull: आगामी भारत-श्रीलंका टी20 और वनडे सीरीज के लिए मंगलवार देर रात बीसीसीआई ने टीम इंडिया का ऐलान कर दिया। भारतीय टी20 टीम में शिवम मावी और मुकेश कुमार के रूप में कुछ नए नाम शामिल किए गए हैं। लेकिन फैंस को तब झटका लगा जब उन्होंने लिस्ट में यश धुल का नाम नहीं देखा। आइए जानते हैं कुछ इस युवा खिलाड़ी के बारे में, और क्यों फैंस पिछले एक दिन से सोशल मीडिया पर इस खिलाड़ी को ट्रेंडिंग टॉपिक बनाए हुए थे।

यश धुल का जन्म 11 नवंबर 2002 को नई दिल्ली में हुआ था। उन्होंने 11 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना व सीखना शुरू कर दिया था। देखते-देखते प्रतिभा में निखार आया और वो दिल्ली की अंडर-14 क्रिकेट टीम में चुने गए। बाद में ना सिर्फ वो अंडर-14 टीम में खेले बल्कि उन्होंने पहले दिल्ली अंडर-14 टीम और बाद में दिल्ली अंडर-16 टीम की कप्तानी भी की।

साल 2021 में मिली बड़ी जिम्मेदारी

यश को साल 2021 में तब बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई जब उनको 2022 आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के लिए भारतीय टीम का कप्तान चुना गया। यश ने भी किसी को निराश नहीं किया और वेस्टइंडीज में खेले गए उस विश्व कप के सुपर लीग सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 110 रनों की शानदार पारी खेल डाली जिससे भारत फाइनल में पहुंच सका। फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराकर यश की अगुवाई में अंडर-19 विश्व कप खिताब जीता। ये भारत का पांचवां अंडर-19 वर्ल्ड कप टाइटल था।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर और आईपीएल

यश धुल ने फरवरी 2022 में दिल्ली के लिए पहली बार प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच खेला जब वो रणजी ट्रॉफी में तमिलनाडु के खिलाफ मैदान पर उतरे। अपने उस पहले ही प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच की दोनों पारियों में शतक जड़कर यश ने सबका ध्यान एक बार फिर अपनी ओर खींच लिया। धुल ने रणजी ट्रॉफी 2021/22 के सीजन को दिल्ली के सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में खत्म किया। उन्होंने उस सीजन में 479 रन बनाए। इसमें तीन शतक शामिल थे, जिसमें अंतिम शतक को उन्होंने दोहरे शतक में बदल दिया। यश को आईपीएल 2022 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने 50 लाख रुपये में खरीदा। हालांकि अब तक उन्हेंं आईपीएल में अपने पहले मैच का इंतजार है।

फैंस का दिल टूटा

इतनी सफलताओं के बाद और जब एक युवा खिलाड़ी पूरी लय में है, ऐसे में फैंस को उम्मीद थी कि उनका नाम श्रीलंका के खिलाफ कम से कम टी20 टीम में जरूर होगा लेकिन चयनकर्ताओं की चर्चाओं और टीम के तालमेल में शायद उनकी जगह फिट नहीं बैठी। अभी वो सिर्फ 20 साल के हैं और आने वाले समय में जब टी20 टीम युवा खिलाड़ियों के साथ आगे बढ़ेगी तो जरूर इस धुरंधर को मौका मिलेगा।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article