क्रिकेट

'नहीं होगा आश्चर्य'... पंजाब किंग्स के सह मालिक मोहित बर्मन ने की आईपीएल के मीडिया राइट्स को लेकर बड़ी भविष्यवाणी

पंजाब किंग्स के सह मालिक मोहित बर्मन का मानना ​​है कि हाल में इंडियन प्रीमियर लीग की दो फ्रेंचाइजी के लिए लगी अरबों डॉलर की सफल बोलियों का लीग के अगले चक्र के मीडिया राइट्स पर निश्चित तौर पर सकारात्मक असर पड़ेगा।

Image

पंजाब किंग्स (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

धर्मशाला: पंजाब किंग्स के सह मालिक मोहित बर्मन का मानना है कि हाल में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की दो फ्रेंचाइजी के लिए अरबों डॉलर की सफल बोलियों का अगले मीडिया अधिकार चक्र पर सकारात्मक प्रभाव होगा और इसमें 20-30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हैरानी की बात नहीं होगी। वर्ष 2023-2027 के मौजूदा मीडिया अधिकार चक्र से 48,000 करोड़ रुपये (उस समय के एक्सचेंज दर के हिसाब से लगभग 6.2 अरब डॉलर) की रकम मिली थी। आगे टीवी अधिकार की रकम भले ही कम हो सकती है, लेकिन डिजिटल अधिकार की कीमत में भारी बढ़ोतरी की उम्मीद है।

दो टीमों की खरीद-फरोख्त का पड़ेगा असर

राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हाल में नए निवेशकों से लगभग दो अरब डॉलर (क्रमशः 1.65 अरब डॉलर और 1.78 अरब डॉलर) की सफल बोलियां मिलीं। बर्मन ने कहा कि इससे मीडिया अधिकारों की कीमत बढ़ना तय है। बर्मन ने पीटीआई से कहा,'अभी इस पर कोई पक्का आंकड़ा बताना सिर्फ अंदाजा लगाना होगा क्योंकि मीडिया उद्योग बहुत तेजी से बदल रहा है। टीवी और डिजिटल के बीच के समीकरण हर साल बदल रहे हैं। और दर्शकों का व्यवहार व्यवहार तेजी से मोबाइल और 'स्ट्रीमिंग-फर्स्ट' इस्तेमाल की ओर बढ़ रहा है।'

मीडिया राइट्स में हो सकती है 20 से 30 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी

बर्मन ने कहा, 'लेकिन आईपीएल की निरंतरता से आत्मविश्वास मिलता है। दुनिया भर में बहुत कम खेल संपत्तियां ऐसी हैं जो साल दर साल इस स्तर की लोकप्रियता बनाए रखती हैं। बर्मन की पंजाब किंग्स में 48 प्रतिशत हिस्सेदारी है। उन्होंने कहा, 'भले ही विकास दर हमेशा एक जैसी नहीं रहे, लेकिन आईपीएल का लंबा सफर बहुत मजबूत बना हुआ है। मीडिया अधिकार चक्र में 20-30 प्रतिशत की बढ़ोतरी कोई हैरानी की बात नहीं होगी।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article