Top-5 Batters to watch out for in IPL 2023: आईपीएल 2023 के लिए मंच सज चुका है और 31 मार्च से अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाले मुकाबले से टूर्नामेंट का आगाज हो जाएगा। टी20 प्रारूप में सभी की नजरें सबसे ज्यादा बल्लेबाजों पर रहती हैं और दर्शक भी रनों की बारिश होते देखना चाहते हैं। तो आइए जानते हैं कि कौन से हैं वो 5 बल्लेबाज, जिन पर आईपीएल के इस 16वें सीजन में सभी नजरें रहने वाली हैं।
1. हैरी ब्रुक (Harry Brook)
इंग्लैंड के इस 23 वर्षीय बल्लेबाज ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों में हाल में ऐसा हल्ला बोला है कि कोई भी उसे नजरअंदाज नहीं कर पाया। आलम ये रहा कि आईपीएल नीलामी में पहली बार उनका नाम आया और सनराइजर्स हैदराबाद ने इस अंग्रेज को 13.25 करोड़ की बड़ी रकम में खरीद लिया। पाकिस्तान सुपर लीग में धमाकेदार शतक हो या फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक के बाद एक धमाकेदार पारियां। इस खिलाड़ी का पहला आईपीएल है और सबकी नजरें उन पर जरूर रहेंगी।
2. सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav)
बेशक सूर्यकुमार यादव हाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में लगातार तीन बार गोल्डन डक का शिकार हुए। लेकिन शून्य पर तीन बार आउट होने से इस खिलाड़ी की क्षमताओं को कम नहीं आंका जा सकता। खासतौर पर टी20 क्रिकेट में, जहां उनका बल्ला जब बोलता है तब सब बस देखते रह जाते हैं। वो एक बार फिर मुंबई इंडियंस के लिए खेलते दिखेंगे और सबकी नजरें उन पर टिकी रहेंगी।
3. विराट कोहली (Virat Kohli)
भारतीय टीम और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने 2023 में अपना अलग रूप दिखाया है। पिछले साल के अंत में ही उनका बल्ला गरजना शुरू हो गया था और तीन साल से चले आ रहे खराब फॉर्म पर ऐसा विराम लगा कि अब उनका बल्ला पहले जैसे चलने लगा है। आईपीएल इतिहास में उनके नाम सर्वाधिक रन हैं इसलिए उनको किसी भी वजह से नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इस बार भी वो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के सबसे खास बल्लेबाज होंगे।
4. शुभमन गिल (Shubman Gill)
शुभमन गिल 2023 के सबसे बड़े हीरो साबित हुए हैं। क्रिकेट का कोई भी प्रारूप हो, इस बल्लेबाज ने एक के बाद एक धमाकेदार पारियां खेलते हुए खुद को साबित कर दिया है, कि वही एक परफेक्ट ओपनर हैं चाहें किसी भी टीम से खेलें। गुजरात टाइटंस पिछली बार चैंपियन बना जिसमें उनका भी अहम योगदान रहा था, अब इस बार जब वो लय में हैं तो हर गेंदबाज उनके बल्ले की गरज से जरूर कांपेगा।
5. जोस बटलर (Jos Buttler)
इंग्लैंड के धाकड़ विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने पिछले आईपीएल सीजन के 17 मैचों में 4 शतक और 4 अर्धशतक के दम पर 863 रन बना डाले थे। वो टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने और ओरेंज कैप के विजेता भी। इस बार भी राजस्थान रॉयल्स को अपने इसी धुरंधर से उम्मीदें रहेंगी और करोड़ों क्रिकेट फैंस इस बल्लेबाज का जलवा जरूर देखना चाहेंगे। इस आईपीएल सीजन में जोस बटलर किस तरह गेंदबाजों पर हावी होंगे, ये देखना बेहद दिलचस्प रहने वाला है।
