Tom Latham Century, IND vs NZ 1st ODI: तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें ऑकलैंड के ईडेन पार्क में शुक्रवार को आमने-सामने थीं। इस मैच में कीवी टीम ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने के लि बुलाया। भारतीय टीम पहले बैटिंग करने उतरी और शिखर धवन, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 306 रन बना डाले। इसके बाद जब कीवी टीम जवाब देने उतरी तो टॉम लाथम के तूफान ने सबको दंग कर दिया।
न्यूजीलैंड के तीन विकेट 88 रन पर गिरने के बाद टॉम लाथम ने मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ बैटिंग शुरू कर दी। उन्होंने सबसे पहले 51 गेंदों में अपना अर्धशतक जड़ा। जबकि 76 गेंदों में वो अपने 10वें वनडे शतक तक जा पहुंचे। लाथम ने इस दौरान भारतीय गेंदबाजों की जमकर परीक्षा ली और सभी गेंदबाज उनके निशाने पर रहे।
इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने महज 104 गेंदों में नाबाद 145 रनों की पारी खेल डाली जिसमें 19 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वो 130 मिनट तक पिच पर रहे और जब तक वो मौजूद रहे भारतीय गेंदबाज कभी भी लय में नहीं आ सके। इससे पहले साल 2017 में वानखेड़े स्टेडियम में भी उन्होंने भारत के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेली थी।
भारत के खिलाफ किवी खिलाड़ी का रिकॉर्ड स्कोर
टॉम लाथम ने अपनी 145 रनों की इस नाबाद ऐतिहासिक पारी के दौरान 23 साल पुराना एक खास रिकॉर्ड भी तोड़ डाला। ये रिकॉर्ड है भारत के खिलाफ किसी कीवी बल्लेबाज का वनडे में सर्वाधिक स्कोर का। पूर्व कीवी बल्लेबाज नाथन एस्टल ने 1999 में राजकोट के मैदान पर 120 रनों की पारी खेली थी जो तब से आज तक भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड के किसी भी खिलाड़ी का वनडे में रिकॉर्ड बना हुआ था। शुक्रवार को लाथम ने इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।
केन विलियमसन के साथ लाजवाब साझेदारी
टॉम लाथम ने इस दौरान कप्तान केन विलियमसन (नाबाद 94) के साथ चौथे विकेट के लिए रिकॉर्डतोड़ साझेदारी को भी अंजाम दिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच 221 रनों की अटूट साझेदारी हुई जिसके दम पर उन्होंने 307 रनों के लक्ष्य को 47.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। ये पार्टनरशिप वनडे क्रिकेट में भारत के खिलाफ चौथे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी साबित हुई। इससे पहले ये रिकॉर्ड शोएब मलिक और मोहम्मद यूसुफ की पाकिस्तानी जोड़ी के नाम दर्ज था जब उन्होंने भारत के खिलाफ 2009 की चैंपियंस ट्रॉफी में चौथे विकेट के लिए 206 रनों की साझेदारी की थी।
