शहर

मुंबई में शादी का खाना खाने से कई लोग बीमार, नवविवाहित जोड़े समेत 27 लोग अस्पताल में भर्ती

मुंबई के भांडुप में शादी समारोह का खाना खाने के बाद नवविवाहित जोड़े समेत 27 लोग बीमार पड़ गए। उल्टी और दस्त की शिकायत पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Image

मुंबई के भांडुप में शादी का खाना खाने से 27 लोग बीमार (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Mumbai Food Poisoning: मुंबई के भांडुप इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शादी समारोह में खाना खाने के बाद नवविवाहित जोड़े समेत कम से कम 27 लोग बीमार पड़ गए। सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, एमटी अग्रवाल म्युनिसिपल जनरल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. कैलाश मार्सकोले ने बताया कि कुल 27 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो बच्चे, 11 महिलाएं और नौ पुरुष शामिल हैं। मरीजों को उल्टी और दस्त की शिकायत थी। उन्होंने बताया कि शादी समारोह में खाना खाने के बाद लोगों को अपच की समस्या शुरू हुई। जिसके बाद सभी मरीजों को अस्पताल लाया गया। सभी मरीज रात 11 बजकर 40 मिनट यहां पहुंचे थे।

परिजन ने कैटरिंग स्टाफ पर लगाया आरोप

दूल्हे के एक रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि शादी से लौटने के बाद कई मेहमानों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उनके मुताबिक, शुरुआत में महिलाओं को परेशानी हुई और बाद में 30 से 40 लोगों में ऐसे ही लक्षण दिखाई देने लगे। रिश्तेदार ने इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताते हुए इसके लिए कैटरिंग स्टाफ को जिम्मेदार ठहराया। उनका आरोप है कि समारोह में परोसे गए खाने में कुछ गड़बड़ी थी, जिसकी वजह से मेहमान बीमार हुए।

महाराष्ट्र FDA और मुंबई पुलिस से हस्तक्षेप की मांग

दूल्हे के रिश्तेदार ने महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त तुकाराम मुंढे और मुंबई पुलिस से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने में मदद की मांग की। फिलहाल अस्पताल में भर्ती सभी 27 मरीजों की हालत स्थिर बताई गई है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article