31 मई को गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी आईपीएल ट्रॉफी उठाने वाली आरसीबी ने अभी जीत का जश्न भी पूरा नहीं किया था कि उसके जीत की रंग में भंग पड़ गया। दरअसल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बल्लेबाज टिम डेविड पर उनकी मैच फीस का 50% जुर्माना लगाया गया है और उन्हें दो डिमेरिट पॉइंट भी दिए गए हैं। यह जुर्माना उन्हें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स (जीटी) के खिलाफ फाइनल के दौरान आईपीएल के खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए लगाया गया है।
डेविड को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 का उल्लंघन का दोषी पाया गया। इसके तहत मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, टीम अधिकारी, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य तीसरे व्यक्ति पर अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद (या क्रिकेट उपकरण की कोई अन्य वस्तु जैसे पानी की बोतल) फेंकने" का अपराध शामिल है। यह घटना पहली पारी के 10वें ओवर के दौरान हुई, जब पहला विकेट गिरने के बाद डेविड ने आक्रामक रूप से अंपायर नितिन मेनन की ओर एक बर्फ की थैली फेंक दी। डेविड ने अपराध स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी श्री जवागल श्रीनाथ द्वारा लगाए गए दंड को मान लिया।
यह डेविड का इस सीजन का लेवल 1 का तीसरा उल्लंघन था। उन्होंने अपना पहला उल्लंघन 20वें मैच में और दूसरा उल्लंघन 54वें मैच में (दो डिमेरिट प्वाइंट) किया था। अब उनके कुल पाँच डिमेरिट प्वाइंट हो गए हैं और अब उन पर एक मैच का बैन लगाया जाएगा। इसका सीधा मतलब है कि अगर टिम डेविड आरसीबी के साथ 2027 में भी जुड़े रहते हैं तो वह पहला मुकाबला नहीं खेल पाएंगे।
टिम डेविड ने इस सीजन 16 मुकाबले खेले और कुछ मौकों पर उपयोगी पारी खेली। डेविड ने 16 मैच में 33.89 की औसत और 188.27 की स्ट्राइक रेट से 305 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक भी जड़ा।
