रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ऑलराउंडर टिम डेविड पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान एक ’अश्लील’ इशारा करने के लिए सोमवार को उनकी मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। आखिरी ओवर तक चले इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने यह मैच दो विकेट से जीता था। इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को आईपीएल के खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए बनी आचार संहिता के लेवल एक का उल्लंघन करने के लिए दो डिमेरिट अंक भी दिए गए।
आईपीएल ने विज्ञप्ति में कहा, ’’टिम को आईपीएल की आचार संहिता के नियम 2.6 का उल्लंघन करते हुए पाया गया जो ’ऐसे इशारे का इस्तेमाल करने से संबंधित है जो अश्लील, अपमानजनक या आपत्तिजनक हो’।’’ इसमें आगे कहा गया, ’’टिम ने अपनी गलती मान ली और मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा दी गई सजा को स्वीकार कर लिया।’’
वायरल हुआ टिम डेविड का वीडियो
टिम डेविड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमे साफ देखा जा सकता है जब आरसीबी ने आखिरी गेंद पर दो रन लेकर मैच फिनिश किया तो डगआउट में बैठे टिम डेविड अश्लील इशारे करते नजर आए। टिम डेविड इस मुकाबले में खाता भी नहीं खोल पाए थे। आरसीबी को आखिरी ओवर में 15 रन की दरकार थी और अंगद बावा इसे डिफेंड नहीं कर पाए। आखिरी गेंद पर रसिख सलाम डार ने दो रन लेकर आरसीबी को जीत दिला दी।इससे पहले मुंबई इंडियंस ने 7 विकेट के नुकसान पर 166 रन का स्कोर खड़ा किया। मुंबई की ओर से तिलक वर्मा ने 57 और नमन धीर ने 47 रन की पारी खेली। जवाब में आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विराट कोहली खाता भी नहीं खोल पाए। आरसीबी की ओर से क्रुणाल पांड्या ने सर्वाधिक 73 रन की पारी खेली। हालांकि, वो मैच को फिनिश नहीं कर पाए। आखिरी ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने सिक्स जड़कर आरसीबी को असंभव जीत दिला दी।
