क्रिकेट

कप्तान सूर्या ने दिया तिलक वर्मा और वाशिंगटन सुंदर की इंजरी को लेकर अपडेट

भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा और वाशिंगटन सुंदर को लेकर अपडेट दिया है। दोनों न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं थे, लेकिन वर्ल्ड कप टीम में दोनों खिलाड़ी शामिल हैं।

Image

सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा (साभार-BCCI)

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में जीत के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज तिलक वर्मा और ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर की फिटनेस पर अपडेट दी। तिलक वर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज की शुरुआत से ठीक पहले घरेलू क्रिकेट खेलते हुए इंजर्ड हो गए। उनका एक छोटा सा ऑपरेशन हुआ था। वह लगभग एक महीने से क्रिकेट से बाहर हैं। न्यूजीलैंजड के खिलाफ हालिया 5 मैच की सीरीज में तिलक वर्मा की जगह श्रेयस अय्यर को शामिल किया गया था जो वर्ल्ड कप स्क्वॉड का हिस्सा नहीं थे।

टी20 विश्व कप की टीम में शामिल तिलक वर्मा की फिटनेस पर अपडेट देते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा, "तिलक वर्मा अच्छी तरह से फिट हो रहे हैं। मैंने सुना है कि वह मुंबई में 2 और 4 फरवरी को दो मैच खेल रहे हैं। मुझे लगता है कि दो मैच काफी हैं। मैंने उनसे कल ही बात की थी। उन्होंने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण सब-कुछ शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि वह जल्द ही हमारे पास होंगे।"

वाशिंगटन सुंदर की फिटनेस पर सूर्यकुमार यादव ने कहा, "मुझे लगता है कि वाशी भी अच्छा कर रहा है। उससे भी मेरी बात हुई है। उसने भी गेंदबाजी और बल्लेबाजी शुरू कर दी है। वह अच्छा दिख रहा है और उम्मीद है कि जल्द ही वापस आ जाएगा।"

वाशिंगटन सुंदर अभी बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। सुंदर 11 जनवरी को वडोदरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे। उस मैच में गेंदबाजी करते समय उन्हें पसलियों में चोट लग गई थी, लेकिन इसके बावजूद, वह बैटिंग करने आए थे और केएल राहुल के साथ मिलकर भारत को जीत दिलाने में मदद की। भारतीय टीम विश्व कप से पहले मुंबई में इकट्ठा होगी और दो वार्म-अप मैच खेलेगी। विश्व कप 7 फरवरी से शुरू हो रहा है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article