क्रिकेट

IPL 2026: शतकवीर तिलक वर्मा ने बताया कैसे मुंबई इंडियंस आगे सफल हो सकती है

Tilak Varma Statement: आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में 45 गेंदों पर रिकॉर्ड शतक लगाने वाले तिलक वर्मा ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखा दिया है। उनके दम पर मुंबई ने ये मैच 99 रनों से जीता। अब तिलक ने बताया है कि कठिन प्लेऑफ की राह में मुंबई इंडियंस कैसे सफल हो सकती है।

Image

तिलक वर्मा

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2026
  • तिलक वर्मा का अपनी टीम पर बयान
  • शतकवीर ने बताया कैसे मुंबई हो सकती है सफल

मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल मैच में अपने मैच विजेता शतक का श्रेय परिस्थितियों का अच्छी तरह से आकलन करने को दिया और कहा कि अगर उनकी टीम अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल करती है तो उसे रोकना अब आसान नहीं होगा। तिलक की विस्फोटक 101 रन की नाबाद पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स पर 99 रन की शानदार जीत हासिल की और आईपीएल 2026 में लगातार चार मैचों में हार का सिलसिला समाप्त किया।

तिलक ने जिओ हॉटस्टार से कहा, "यह शतक टीम और मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण था। पिछले चार-पांच मैचों से मेरे दिमाग में लगातार एक ही बात चल रही थी कि मैंने क्रीज पर ज्यादा समय नहीं बिताया है और ज्यादा गेंदों का सामना नहीं किया था। इसलिए मेरा लक्ष्य विकेट पर कुछ समय बिताना और फिर टीम की स्थिति के अनुसार बल्लेबाजी करना था।"

तिलक ने अपनी रणनीति के बारे में कहा कि उन्होंने पिच का शुरुआती आकलन किया और सीधे शॉट लगाने पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा, ’’जब भी मुंबई इंडियंस की टीम अहमदाबाद आती है तो हम आमतौर पर काली मिट्टी वाली पिच पर मैच खेलते हैं, जो थोड़ी धीमी होती है। ऐसा नहीं है कि हमारे बल्लेबाज इसके अनुकूल नहीं ढल सकते, लेकिन हम जानते हैं कि अगर पिच पर ज्यादा उछाल हो तो हम क्या कर सकते हैं।"

तिलक ने कहा, "गेंद धीमी और नीची रह रही थी, इसलिए हमें उससे तालमेल बिठाना पड़ा और सीधे शॉट लगाने की कोशिश करनी पड़ी। गेंद ज्यादा उछाल नहीं ले रही थी, इसलिए विकेट की सीध में आने वाली गेंदों पर ’एक्रास द लाइन’ खेलना जोखिम भरा था। मैंने सीधे शॉट लगाने का फैसला किया। मैंने परिस्थितियों को अच्छी तरह से समझा।"

इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है और तिलक को उम्मीद है कि उनकी टीम आगे भी अच्छा प्रदर्शन जारी रखेगी। उन्होंने कहा, "हमें बहुत आगे की नहीं सोचनी चाहिए और एक समय में एक ही मैच पर ध्यान देना चाहिए। हमारे लिए हर मैच लगभग नॉकआउट मुकाबले जैसा है।"

तिलक ने कहा, "हम जानते हैं कि हम क्या करने में सक्षम हैं। हमारी टीम में कई विश्व कप विजेता खिलाड़ी हैं। अगर हम अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल करते हैं तो हमें कोई रोक नहीं सकता। इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि हम खेल पर अपना ध्यान केंद्रित रखें और कड़ी मेहनत करते रहें।"

अपनी पसंदीदा बल्लेबाजी पोजीशन के बारे में पूछे जाने पर तिलक ने कहा कि उन्हें नंबर तीन पर बल्लेबाजी करना पसंद है। उन्होंने कहा, "व्यक्तिगत तौर पर मुझे नंबर तीन पर बल्लेबाजी करना बहुत पसंद है। हालांकि टीम को मेरी जहां भी जरूरत हो, मैं वहां बल्लेबाजी करने के लिए तैयार हूं। लेकिन अगर कोई मुझसे पूछे तो मैं हमेशा तीसरा नंबर ही कहूंगा।"

(भाषा इनपुट्स के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article