बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने असम प्रीमियर लीग के आयोजन पर खुशी जताई है। उन्होंने इसके लिए आयोजकों को शुभकामना के साथ-साथ एक नसीहत भी दी। उन्होंने असम में भीषण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए असम क्रिकेट एसोसिएशन को इस टूर्नामेंट को "भव्य तरीके से" आयोजित करने से बचने का आग्रह किया है। देवजीत सैकिया ने कहा कि टूर्नामेंट को स्थगित करना मुश्किल था क्योंकि अगले आठ महीनों तक घरेलू कैलेंडर में कोई उपयुक्त समय उपलब्ध नहीं होगा। उन्होंने संकट के समय लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए एसीए की प्रशंसा भी की और बाढ़ राहत कार्यों के लिए हाल ही में दिए गए 50 लाख रुपये के दान का विशेष रूप तारीफ की।
उन्होंने कहा, “कल से एपीएल शुरू करने के लिए किए गए शानदार इंतजामों के लिए मैं असम क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) को बधाई देता हूं। मेरी बस यही गुजारिश है कि एसीए इसे बहुत भव्य तरीके से न करे, क्योंकि असम में मौजूदा हालात मनोरंजन कार्यक्रमों के आयोजन के अनुकूल नहीं हैं। इस समय टूर्नामेंट को स्थगित करना बहुत मुश्किल है क्योंकि सभी इंतजाम हो चुके हैं और एसीए के पास 23 अगस्त के बाद इस टूर्नामेंट को स्थगित करने का कोई और विकल्प नहीं है।”
सैकिया ने बताया कि टूर्नामेंट खत्म होने के तुरंत बाद घरेलू क्रिकेट कैलेंडर फिर से शुरू हो जाएगा और 2027 में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा अगर हम कल से 23 तारीख तक यह टूर्नामेंट आयोजित नहीं करते हैं, तो अगले आठ महीनों के लिए कोई अवसर उपलब्ध नहीं होगा।
मुझे खुशी है कि असम क्रिकेट एसोसिएशन संकट के समय में हमेशा असम के लोगों के साथ खड़ा रहता है। इस साल भी, 24 जुलाई को, असम क्रिकेट एसोसिएशन ने 50 लाख रुपये की राशि दान की,”
असम प्रीमियर लीग का आगाज 1 अगस्त को चराइदेव सनराइजर्स और बारपेटा ब्रेव्स के बीच होने वाले उद्घाटन मैच से होगा। पहले सत्र में 43 मैच खेले जाएंगे, जिनमें 40 लीग चरण के मुकाबले, दो सेमीफाइनल और ग्रैंड फाइनल शामिल हैं।
