देश

कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला: केल्लम में मजदूरों पर फायरिंग, 2 की मौत, छत्तीसगढ़ के CM साय ने जताया शोक

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को आतंकियों ने मजदूरों को निशाना बनाया है। आतंकियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में दो मजदूर की मौत हो गई। दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे।

Image

कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने अपने कायराना मंसूबो अंजाम दिया है। यहां शुक्रवार शाम आतंकियों ने एक बार फिर गैर-स्थानीय मजदूरों पर गोलीबारी की। दक्षिण कश्मीर के केल्लम इलाके में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर हुए इस आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों को मौत हो गई। 24 वर्षीय मजदूर दीपक रात्रे की मौत हो गई, जबकि गोली लगने से गंभीर रूप से घायल उनके साथी 28 वर्षीय भूपेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में भूपेंद्र ने भी दम तोड़ दिया। मजदूरों की मौत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक जताया है। घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा बलों ने आतंकियों की तलाश में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

सुरक्षा अधिकारियों ने दी जानकारी

सुरक्षा अधिकारियों ने इस हमले के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आतंकियों ने देर शाम ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों पर अचानक गोलीबारी कर दी। हमले में दोनों श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन दीपक रात्रे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं घायल भूपेंद्र को पहले गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC), अनंतनाग ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SKIMS), सौरा रेफर कर दिया गया। बाद में भूपंद्र ने भी दम तोड़ दिया।

घटना के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। पूरे इलाके को घेरकर आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल हमले की जिम्मेदारी किसी आतंकी संगठन ने नहीं ली है।

10 दिन पहले आतंकियों ने पुलिस अधिकारी को मारी थी गोली

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब 10 दिन पहले ही अनंतनाग शहर में आतंकियों ने एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे पहले 7 फरवरी 2024 को श्रीनगर के शहीद गंज इलाके में पंजाब के दो गैर-स्थानीय मजदूर अमृतपाल सिंह और रोहित मसीह की भी आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इन घटनाओं ने एक बार फिर कश्मीर में गैर-स्थानीय श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है और पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article