लंदन: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने शनिवार को कहा कि टीम महिला टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले ’करो या मरो’ मुकाबले में आक्रामक क्रिकेट खेलने के इरादे से उतरेगी। छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को होने वाला यह मुकाबला भारत के लिए बेहद अहम है। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए यह मैच जीतना होगा। भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों के एक समान चार मैचों में छह-छह अंक हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला अपेक्षाकृत कमजोर माने जाने वाले बांग्लादेश से है।
आक्रामक रवैये के साथ चाहते हैं क्रिकेट खेलना
मंधाना ने मैच से पूर्व संवाददाता सम्मेलन में कहा,'यह एक बड़ा मैच है। हमने इस पर काफी बात की है कि हम आक्रामक रवैये के साथ क्रिकेट खेलना चाहते हैं।' उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस टूर्नामेंट में भारतीय बल्लेबाजी इकाई अब तक अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सकी है। बाएं हाथ की इस सलामी बल्लेबाज ने कहा, 'हम टीम की बैठक में लगातार इस पर चर्चा कर रहे हैं कि हमें मजबूत इरादों के साथ बल्लेबाजी करनी है। हमें जैसी उम्मीद थी, टीम ने अब तक वैसी बल्लेबाजी नहीं की है। टीम की हर बल्लेबाज इस मौके का इंतजार कर रही है।'
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतर हुआ है भारत का प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले कुछ वर्षों में भारत के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए मंधाना ने कहा,'हमने ऑस्ट्रेलिया में टी20 प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन किया था और उससे हमें आत्मविश्वास मिलेगा। महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के आने से खिलाड़ियों को अधिक दबाव वाले मैचों का बेहतर अनुभव मिला है।' उन्होंने कहा कि अब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अंतर पहले की तुलना में काफी कम हो गया है।
स्मृति के साथ दिलाएंगी टीम को मजबूत शुरुआत
मंधाना ने अपनी सलामी जोड़ीदार शेफाली वर्मा के साथ टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा,'हम दोनों इंग्लैंड के पिछले दौरे में कुछ खास योगदान नहीं दे सके थे, लेकिन अब हम भारत को मजबूत शुरुआत देने के लिए बेहद उत्साहित हैं। जब हम अच्छी शुरुआत दिलाते हैं तो टीम बेहतर स्थिति में होती है।'
मैथ्यू हेडेन की सलाह का क्या हुआ फायदा
उन्होंने यह भी बताया कि मैथ्यू हेडन और कुमार संगकारा जैसे पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों के साथ हुई बातचीत से उन्हें काफी मदद मिली है। मंधाना ने कहा,'मैं हमेशा से संगकारा सर और मैथ्यू हेडन को फॉलो करती रही हूं। उनसे बातचीत करके मुझे बल्लेबाजी के कुछ अहम पहलुओं को समझने का मौका मिला, जिसे मैं अपने खेल में लागू करने की कोशिश करूंगी।'
(भाषा)
