क्रिकेट

टीम इंडिया के स्टार पेसर मोहम्मद शमी को मिली जान से मारने की धमकी, दर्ज हुई एफआईआर

टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। अमरोहा पुलिस की साइबर सेल ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।

Image

मोहम्मद शमी

अमरोहा: इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल रहे टीम इंडिया के स्टार पेसर मोहम्मद शमी को जान से मारने की धमकी मिली है। शमी के भाई हसीब ने मामले की शिकायत अमरोहा पुलिस के पास की थी। शमी को ईमेल के जरिए एक करोड़ रुपये की फिरौती देने और जान से मारने की धमकी दी गई थी। अमरोहा के पुलिस एसपी के आदेश के बाद साइबर सेल ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।

भाई हसीब ने दर्ज कराई एफआईआर

क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई हसीब ने अमरोहा के पुलिस अधीक्षक को बताया कि मोहम्मद शमी के मेल पर रविवार को एक धमकी भरा मेल आया। इस मेल में उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। मेल में लिखा गया है- तुझे हम जान से मार देंगे। सरकार हमारा कुछ नहीं कर पाएगी। मोहम्मद शमी के भाई हसीब का कहना है कि इस मेल की बाबत पुलिस में शिकायत की गई है। मेल में शमी से एक करोड़ रुपये की फिरौती देने की भी मांग की गई है।

साइबर थाना में दर्ज हुआ मामला

अमरोहा पुलिस ने अपने बयान में कहा, क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई हसीब ने पुलिस को बताया कि उनके भाई को ईमेल के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई है। ईमेल में बेंगलुरू निवासी व्यक्ति ने एक करोड़ रुपये की मांग की है। अगर एक करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो वो शमी को हानि पहुंचाएगा। भाई की तहरीर के आधार पर साइबर थाना अमरोहा में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। ईमेल करने वाले को ट्रेस करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article