क्रिकेट

शुभमन गिल की सेना ने इंग्लैंड दौरे से पहले तोड़ा इंग्लिश टीम का रिकॉर्ड, की कंगारुओं की बराबरी

भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे में आतिशी बल्लेबाजी करके इंग्लैंड का रिकॉर्ड तोड़ दिया और ऑस्ट्रेलिया के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

Image

ईशान किशन और शुभमन गिल

Photo : AP

लखनऊ: शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने बुधवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए तीन मैच की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में 49.5 ओवर में 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारतीय टीम को इस विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन ने अदा की। गिल ने जहां 110 गेंद में 154 रन की कप्तानी पारी खेली। वहीं ईशान किशन ने 79 गेंद में 125 रन आतिशी अंदाज में जड़ दिए। वहीं रोहित शर्मा ने 48 रन की शानदार पारी खेली।

आठवीं बार बनाए 400 से ज्यादा रन

भारतीय टीम ने जैसे ही अफगानिस्तान के खिलाफ 400 रन के आंकड़े को पार करते ही इंग्लैंड दौरे पर रवाना होने से पहले उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया। टीम इंडिया ने वनडे क्रिकेट इतिहास में आठवीं बार पारी में 400 रन के आंकड़े को पार किया। इस क्रम में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के सबसे ज्यादा बार 400 या उससे ज्यादा रन बनाने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

अफगानिस्तान के खिलाफ बनाया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर

भारतीय टीम के साथ ऐसा पहली बार हुआ जब 400 रन बनाने के बाद टीम इंडिया ढेर हो गई। इससे पहले सात बार भारतीय टीम ने 400 से ज्यादा रन बनाए लेकिन कभी 10 विकेट नहीं गंवाए थे। भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ 400 से ज्यादा रन बनाने वाली दूसरी टीम बनी। इससे पहले ये कारनामा ऑस्ट्रेलिया ने साल 2015 में पर्थ में किया था। उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ 6 विकेट पर 417 रन बनाए थे।

170 रन के अंतर से टीम इंडिया ने दर्ज की जीत

भारतीय टीम ने अंत में अफगानिस्तान को 232 रन पर ढेर करके मैच 170 रन से जीत लिया और तीन मैच की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article