क्रिकेट

श्रेयस अय्यर बने वनडे में भारत के दूसरे सबसे तेज 3 हजारी, वीरेंद्र सहवाग का भी तोड़ा रिकॉर्ड

भारतीय वनडे टीम के धाकड़ बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लखनऊ में खेले जा रहे दूसरे वनडे में इतिहास रच दिया है। उन्होंने अपनी छोटी से पारी के दौरान वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Image

श्रेयस अय्यर

Photo : AP

लखनऊ: भारतीय वनडे टीम के धाकड़ बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लखनऊ में खेले जा रहे दूसरे वनडे में इतिहास रच दिया है। पांचवें पायदान पर बल्लेबाजी करने आए अय्यर ने जैसे 11 रन के आंकड़े को छूते ही वनडे क्रिकेट में 3 हजार रन पूरे कर लिए। उन्होंने ये उपलब्धि करियर के 78वें मैच की 72वीं पारी में बल्लेबाजी करते हुए हासिल की। अय्यर वनडे क्रिकेट में पारी के आधार पर साझा रूप से दूसरे सबसे तेज 3 हजारी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में शिखर धवन की बराबरी की लेकिन शुभमन गिल का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। अय्यर 24 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हुए उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का जड़ा।

तोड़ा वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड

सबसे कम गेंद पर वनडे में तीन हजार रन बनाने के मामले में अय्यर ने वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़कर तीसरे पायदान पर कब्जा कर लिया। इस सूची में पहले पायदान पर कपिल देव हैं जिन्होंने 2,995 गेंद पर बनाए पूरे किए थे। इस सूची में दूसरे पायदान पर शुभमन गिल ने 3016 गेंद के साथ है। वहीं तीसरे नंबर पर श्रेयस अय्यर 3049 गेंद में 3 हजारी बनकर काबिज हो गए हैं। चौथे पायदान पर खिसकने वाले वीरेंद्र सहवाग ने 3,164 गेंद में वनडे में तीन हजार रन पूरे किए थे।

शुभमन गिल के नाम दर्ज है भारतीय रिकॉर्ड

सबसे कम पारी में वनडे में तीन हजार रन पूरे करने का भारतीय रिकॉर्ड शुभमन गिल के नाम दर्ज है। गिल ने 62वीं पारी में ये उपलब्धि हासिल की थी। वहीं शिखर धवन ने 72, विराट कोहली ने 75 और केएल राहुल ने 78 पारी में तीन हजार रन एकदिवसीय क्रिकेट में पूरे किए थे। श्रेयस अय्यर भी 72वीं पारी में इस मुकाम पर पहुंचने में सफल हुए हैं।

ऐसा रहा है अय्यर का वनडे करियर

श्रेयस अय्यर ने अपने वनडे करियर में 78 मैच की 72 पारी में 6 बार नाबाद रहते हुए कुल 3015 रन 45.68 के औसत और 98.56 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इसमें 5 शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 128 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। अय्यर ने इस दौरान 276 चौके और 74 छक्के जड़े हैं। दिसंबर 2017 में श्रीलंका के खिलाफ धर्मशाला में डेब्यू करने वाले श्रेयस अय्यर को 3 हजार रन के आंकड़े को छूने में तकरीबन 9 साल लग गए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article