क्रिकेट

एन जगदीशन ने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ते हुए खेली ऐतिहासिक 277 रन की पारी, कीर्तिमानों की लगाई झड़ी

  • Authored by: अभिषेक निगम
  • Updated Nov 21, 2022, 02:01 PM IST

N Jagadeesan record knock in Vijay Hazare Trophy: तमिलनाडु के विकेटकीपर बल्‍लेबाज नारायण जगदीशन ने विजय हजारे ट्रॉफी में ऐतिहासिक पारी खेलकर रिकॉर्ड्स बुक को हिलाकर रख दिया है। एन जगदीशन ने लिस्‍ट ए क्रिकेट में सर्वश्रेष्‍ठ व्‍यक्तिगत स्‍कोर का वर्ल्‍ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्‍होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 277 रन बनाए।

Image

नारायण जगदीशन

KEY HIGHLIGHTS
  • नारायण जगदीशन ने विजय हजारे ट्रॉफी में खेली ऐतिहासिक पारी
  • एन जगदीशन ने लिस्‍ट ए क्रिकेट में सर्वश्रेष्‍ठ व्‍यक्तिगत स्‍कोर का वर्ल्‍ड रिकॉर्ड तोड़ा
  • तमिलनाडु की टीम लिस्‍ट ए क्रिकेट में 500 से ज्‍यादा का स्‍कोर करने वाली पहली टीम बनी

बेंगलुरु: तमिलनाडु के विकेटकीपर बल्‍लेबाज नारायण जगदीशन ने मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए कीर्तिमानों की झड़ी लगा दी है। एन जगदीशन ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 141 गेंदों में 25 चौके और 15 छक्‍के की मदद से 277 रन बनाए और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। जगदीशन को साथी ओपनर साई सुदर्शन (154) का बखूबी साथ मिला और दोनों ने पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 416 रन की साझेदारी की। इन दोनों की बेजोड़ पारियों की मदद से तमिलनाडु ने निर्धारित 50 ओवर में 2 विकेट खोकर 506 रन बनाए।

एन जगदीशन और तमिलनाडु ने विजय हजारे ट्रॉफी में इतिहास रचते हुए रिकॉर्ड्स की बरसात कर डाली। जगदीशन ने लिस्‍ट ए क्रिकेट में सर्वश्रेष्‍ठ व्‍यक्तिगत स्‍कोर का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्‍होंने इस मामले में भारत के कप्‍तान रोहित शर्मा (264) और इंग्‍लैंड के एलिस्‍टर ब्राउन (268) का रिकॉर्ड तोड़ा। चलिए जल्‍दी-जल्‍दी आपको बताते हैं कि एन जगदीशन ने अपनी पारी के दौरान क्‍या रिकॉर्ड्स बनाए।

विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्‍यादा शतक का रिकॉर्ड

एन जगदीशन ने विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्‍यादा शतक जमाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्‍होंने विराट कोहली (2008 में चार शतक) के 12 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्‍वस्‍त किया।

विजय हजारे ट्रॉफी में सर्वाधिक शतक

  • 5* - नारायण जगदीशन
  • 4 - विराट कोहली, पृथ्‍वी शॉ, रुतुराज गायकवाड़ और देवदत्‍त पडिक्‍कल।

नारायण जगदीशन ने लिस्‍ट ए क्रिकेट में सबसे ज्‍यादा लगातार शतक जमाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उन्‍होंने श्रीलंका के कुमार संगकारा, दक्षिण अफ्रीका के अलविरो पीटरसन और देवदत्‍त पडिक्‍कल को पछाड़ा।

लिस्‍ट ए क्रिकेट में लगातार सबसे ज्‍यादा शतक

  • 5* - नारायण जगदीशन
  • 4 - कुमार संगकारा, अलविरो पीटरसन, देवदत्‍त पडिक्‍कल।

नारायण जगदीशन ने लिस्‍ट ए क्रिकेट में सर्वश्रेष्‍ठ व्‍यक्तिगत स्‍कोर का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्‍होंने इंग्‍लैंड के एलिस्‍टर ब्राउन का रिकॉर्ड तोड़ा।

लिस्‍ट-ए में सर्वश्रेष्‍ठ व्‍यक्तिगत स्‍कोर

  • 277 - नारायण जगदीशन (तमिलनाडु बनाम अरुणाचल प्रदेश, 2022)
  • 268 - एलिस्‍टर ब्राउन (सरे बनाम ग्‍लेमोर्गन, 2002)
  • 264 - रोहित शर्मा (भारत बनाम श्रीलंका, 2014)
  • 257 - डार्सी शॉर्ट (वेस्‍टर्न ऑस्‍ट्रेलिया बनाम क्‍वींसलैंड, 2018)
  • 248 - शिखर धवन (भारत ए बनाम दक्षिण अफ्रीका ए, 2013)

एन जगदीशन ने सबसे तेज लिस्‍ट ए दोहरा शतक जमाने के मामले में ऑस्‍ट्रेलिया के ट्रेविस हेड की बराबरी की।

सबसे तेज लिस्‍ट ए दोहरा शतक

  • 114 गेंद - एन जगदीशन (तमिलनाडु बनाम अरुणाचल प्रदेश, 2022)
  • 114 गेंद - ट्रेविस हेड (दक्षिण ऑस्‍ट्रेलिया बनाम क्‍वींसलैंड, 2021)
  • 117 गेंद - बेन डकेट (इंग्‍लैंड लायंस बनाम श्रीलंका ए, 2016)

विजय हजारे ट्रॉफी में एक पारी में सबसे ज्‍यादा छक्‍के जमाने का रिकॉर्ड भी जगदीशन ने अपने नाम कर लिया है। उन्‍होंने मुंबई के यशस्‍वी जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ा।

विजय हजारे ट्रॉफी में एक पारी में सर्वाधिक छक्‍के

  • 15 - नारायण जगदीशन बनाम अरुणाचल, 2022
  • 12 - यशस्‍वी जायसवाल बनाम झारखंड, 2019
  • 11 - विष्‍णु विनोद बनाम छत्‍तीसगढ़, 2019
  • 11 - इशान किशन बनाम मध्‍यप्रदेश, 2021

पहली टीम - तमिलनाडु पुरुषों के लिस्‍ट ए क्रिकेट की पहली टीम बन गई है, जिसने 500 से ज्‍यादा का स्‍कोर बनाया है।

लिस्‍ट ए क्रिकेट में सर्वश्रेष्‍ठ टीम स्‍कोर

  • 506/2 - तमिलनाडु बनाम अरुणाचल प्रदेश, विजय हजारे ट्रॉफी 2022
  • 498/4 - इंग्‍लैंड बनाम नीदरलैंड्स, 2022
  • 496/4 - सरे बनाम ग्‍लोसेस्‍टरशायर, वनडे कप 2007
  • 481/6 - इंग्‍लैंड बनाम ऑस्‍ट्रेलिया, 2018
  • 458/4 - भारत ए बनाम लेस्‍टरशायर, लिस्‍ट ए 2018

एन जगदीशन और साई सुदर्शन की जोड़ी लिस्‍ट ए क्रिकेट में पहली ऐसी जोड़ी बनी, जिसने 400 से ज्‍यादा रन की साझेदारी की।

  • 416 - एन जगदीशन और साई सुदर्शन बनाम अरुणाचल, 2022
  • 372 - क्रिस गेल और मार्लोन सैमुअल्‍स बनाम जिंबाब्‍वे, 2015
अभिषेक निगम
अभिषेक निगमauthor

अभिषेक निगम टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में खेल सेक्शन से जुड़े हैं। अभिषेक को मैच का विश्लेषण करना बेहद पसंद हैं। इसके अलावा इन्हें खेल की बारीकियों पर ध्यान देने या फिर उन्हें सीखने में बड़ा आनंद आता है। पत्रकारिता में 6 साल से ज्यादा का अनुभव रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article