टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जिताने वाले भारतीय कप्तान कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के नाम खास उपलब्धि जुड़ गई है। वो लगातार दो टी20 विश्व कप जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। एक में खिलाड़ी के तौर पर और इस बार कप्तान के रूप में चैंपियन बने। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में जीत के बाद देर रात हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब सूर्यकुमार कोच गौतम गंभीर के साथ मीडिया से मुखातिब होने पहुंचे तो कई सवालों के जवाब दिए। इसी दौरान उन्होंने सभी को चौंकाते हुए अपना अगला लक्ष्य बताया, जो बेहद खास है।
सूर्युकमार यादव से जब पूछा गया कि दो टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने के बाद अब उनका आगे का क्या टारगेट है, तो इस पर उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अगला लक्ष्य ओलंपिक स्वर्ण जीतना है। क्रिकेट आधिकारिक तौर पर LA गेम्स 2028 में भाग लेगा, और भारत स्वर्ण जीतने के प्रबल दावेदारों में से एक के रूप में प्रवेश करेगा। सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, "ओलंपिक स्वर्ण जीतना अगला लक्ष्य है और उसी वर्ष टी20 विश्व कप भी।"
अपने रिटायरमेंट को लेकर भी चुप्पी तोड़ी
अपने इस बयान से सूर्यकुमार यादव की रिटायरमेंट योजनाओं की भी पुष्टि हुई। अटकलें लगाई जा रही थीं कि सूर्यकुमार यादव टी20 विश्व कप 2026 के बाद क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं, लेकिन उन्होंने अपनी योजनाएं स्पष्ट कर दी हैं। टी20 विश्व कप का अगला संस्करण 2028 में भी खेला जाएगा, इसलिए सूर्यकुमार ने पुष्टि की है कि वह कम से कम दो और साल खेलेंगे।
गंभीर ने किसे समर्पित की ये जीत
भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, जो पीसी में सूर्यकुमार यादव के साथ थे। गंभीर ने टी20 विश्व कप जीत पूर्व कोच राहुल द्रविड़ और बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के अध्यक्ष वीवीएस लक्ष्मण को समर्पित की। उन्होंने कहा, "मैं यह ट्रॉफी राहुल भाई और वीवीएस लक्ष्मण को समर्पित करता हूं।" गंभीर के मुताबिक इन दोनों बड़े चेहरों ने पर्दे के आगे और पर्दे के पीछे रहते हुए टीम इंडिया को तैयार करने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उनके बिना ये सब कुछ मुमकिन ना हो पाता।
फाइनल में क्या कुछ हुआ
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत की दमदार जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने संजू सैमसन के 89 रन, इशान किशन के 54 रन और अभिषेक शर्मा के 52 रनों की बदौलत 5 विकेट पर 255 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। लक्ष्य न्यूजीलैंड की पहुंच से बाहर था, और शुरुआती विकेटों ने चमत्कार की सभी उम्मीदों को खत्म कर दिया। न्यूजीलैंड की टीम ने जल्दी तीन विकेट खो दिए, और टारगेट का पीछा शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया। जसप्रीत बुमराह 4 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बनकर उभरे और न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को परेशान करने में सबसे अहम योगदान दिया।
