वायरल न्यूज़

ऑटो है या जनसेवा केन्द्र...20 सालों से सवारी को मुफ्त पानी, बिस्किट और फर्स्ट-एड, सोशल मीडिया पर छाया वीडियो

Viral Video: मुंबई के एक ऑटो ड्राइवर पिछले 20 सालों से अपने ऑटो में यात्रियों को मुफ्त पानी की बोतलें और बिस्किट बांट रहे हैं। वे हर दिन लगभग 50 पानी की बोतलें और 20 पैकेट बिस्किट अपनी जेब के खर्च से बांटते हैं।

Image

दिल जीतने वाला काम (तस्वीर साभार- @abhijeetshikhar)

Viral Video: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और महंगाई के दौर में जहां लोग एक-एक रुपये का हिसाब रखते हैं। वहीं, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई (Mumbai Viral Video) की सड़कों पर एक ऐसा ऑटो चालक भी दौड़ रहा है, जिसके लिए मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है। मुंबई के चेम्बूर के रहने वाले ऑटो ड्राइवर विनोद अभंग की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर हर किसी का दिल जीत रही है। हाल ही में एक यात्री ने जब ऑटो बुक किया, तो उसे अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उसके जीवन का सबसे यादगार अनुभव बनने वाला है।

    वायरल वीडियो के मुताबिक, जैसे ही यात्री ऑटो में बैठा, उसकी नजर ड्राइवर की सीट के बगल में बनी एक छोटी सी बास्केट पर पड़ी। उस बास्केट में मिनरल वॉटर की बोतलें और बिस्किट के पैकेट रखे हुए थे। जब यात्री ने हैरानी से पूछा, भैया, क्या आप यह सब मुफ्त में देते हैं? तो ऑटो चालक ने बड़ी सादगी से जवाब दिया- हां, जनसेवा ही ईश्वर सेवा है। बातचीत में विनोद ने बताया कि वे पिछले 20 सालों से लगातार यह समाज सेवा कर रहे हैं। वे हर दिन अपने खर्च पर लगभग 50 पानी की बोतलें और 20 पैकेट बिस्किट यात्रियों व जरूरतमंदों में बांटते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, किसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए उन्होंने अपने ऑटो में एक First-Aid Kit भी लगा रखा है। ऑट्रो ड्राइवर ने आगे बताया कि बताया कि अगर कोई दिव्यांग यात्री उनके ऑटो में सफर करता है, तो वे उससे आधा किराया यानी 50 प्रतिशत डिस्काउंट देते हैं। ऑटो पर लिखा हुआ "जनसेवा ही ईश्वर सेवा" का संदेश उनके जीवन का मूलमंत्र बन चुका है। देखें वीडियो...

    दिल जीतने वाला काम

    इस प्रेरक कहानी को इंस्टाग्राम पर abhijeetshikhar नाम के पेज से साझा करते हुए यात्री ने लिखा कि हम अक्सर सोचते हैं कि समाज में बदलाव लाने या दूसरों की मदद करने के लिए बहुत सारे पैसों की जरूरत होती है। लेकिन, इस साधारण से ऑटो वाले ने साबित कर दिया कि मदद करने के लिए दिल बड़ा होना चाहिए, जेब नहीं। यात्रा खत्म होने के बाद यात्री ने भी इस नेक काम में योगदान देने के लिए विनोद को अपनी तरफ से कुछ राशि दी ताकि वे इस सिलसिले को आगे बढ़ा सकें। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है और लोग इस पहल की जमकर तारीफ कर रहे हैं। इतना ही नहीं यूजर्स विनोद की निस्वार्थ सेवा की जमकर तारीफ कर रहे हैं। इसके साथ ही, यूजर्स ने Uber India और Bisleri जैसी बड़ी कंपनियों को टैग कर अपील की है कि वे इस नेक इंसान की पहचान करें और उन्हें सपोर्ट करें ताकि वे ज्यादा से ज्यादा लोगों की मदद कर सकें। इस वीडियो पर आपकी क्या प्रतिक्रिया है जरूर बताएं।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article