टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) अपनी पत्नी सोफी शाइन के साथ तिरुपति बालाजी के दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान वो कड़े सुरक्षा घेरे में नजर आए। धवन ने तिरुपति मंदिर में दर्शन करने के बाद अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
शिखर धवन ने तिरुपति में भगवान के दर्शन करने के बाद कहा, "मुझे बहुत ही अच्छे दर्शन हुए। यहां के प्रशासन ने बहुत अच्छे इंतजाम किए थे। भगवान तिरुपति के इतने अच्छे दर्शन पाकर मैं बहुत आभारी हूं।"
गौरतलब है कि शिखर धवन ने मई 2025 में आयरिश मूल की सोफी शाइन से पहली बार रिश्ते की बात स्वीकार की थी। उसके बाद इसी साल 21 फरवरी 2026 को शिखर और सोफी ने दिल्ली में हुए एक निजी समारोह में सिर्फ करीबी लोगों की मौजूदगी में शादी की थी।
शिखर धवन ने 24 अगस्त 2024 को अचानक क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का ऐलान कर दिया था। उससे पहले, धवन ने अपने शानदार क्रिकेट करियर में कई शानदार उपलब्धियां हासिल कीं
साल 2010 में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज करने वाले शिखर धवन ने 2022 तक भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने 34 टेस्ट मैच, 167 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच और 68 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले।
बाएं हाथ के पूर्व बल्लेबाज शिखर धवन लंबे समय तक टीम इंडिया के ओपनर रहे। उन्होंने अपने करियर के दौरान 34 टेस्ट मैचों में 2315 रन बनाए जिसमें 7 शतक और 5 अर्धशतक शामिल रहे। उन्होंने 167 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में 6793 रन बनाए जिसमें 17 शतक और 39 अर्धशतक शामिल थे। जबकि, क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने टीम इंडिया के लिए 68 मैच खेले जिसमें उन्होंने 11 अर्धशतक लगाते हुए 1759 रन बनाए। टेस्ट में उनका सर्वाधिक स्कोर 190 रन की पारी, वनडे में 143 रन की पारी और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 92 रनों की उनकी बेस्ट पारी रही।
