India vs Bangladesh, Head to Head: टी20 विश्व कप 2024 के सुपर-8 राउंड के ग्रुप-1 में भारत और बांग्लादेश के बीच एंटिगा के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में भिड़ंत होगी। ये मुकाबला भारत और बांग्लादेश दोनों के लिए अहम है। दोनों ही टीमों का ये दूसरा मुकाबला है। बांग्लादेश की टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बारिश से प्रभावित मुकाबले में 24 रन के अंतर से हार का मुंह देखना पड़ा था। वहीं दूसरी तरफ टीम इंडिया अफगानिस्तान को 47 रन के अंतर से मात देकर इस मुकाबले में पहुंची है। भारतीय टीम अगर इस मैच में जीत दर्ज कर लेती है तो वो सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी। वहीं बांग्लादेश को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए इस मुकाबले में जीत दर्ज करनी ही होगी।
टी20 में भारतीय टीम की पलड़ा है भारी
भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 फॉर्मेट में कुछ करीबी मुकाबले खेले गए हैं। टी20 विश्व कप के दौरान ही दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई है। भारत और बांग्लादेश के बीच अबतक टी20 फॉर्मेट में कुल 13 मैच खेले गए। इसमें से 12 में टीम इंडिया और एक में बांग्लादेश की टीम विजयी रही है। ऐसे में भारतीय टीम का पलड़ा शनिवार को खेले जाने वाले मुकाबले में भी भारी नजर आ रहा है।
विश्व कप में अजेय रही है टीम इंडिया
टी20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच 4 बार भिड़ंत हुई है और चारों ही बार बाजी टीम इंडिया के हाथ लगी है। बांग्लादेश की टीम भारतीय चुनौती को टी20 विश्व कप में पार करने में नाकाम रही है। ऐसे में पांचवीं बार बाजी किसके हाथ लगेगी ये देखने वाली बात होगी। हालांकि टीम इंडिया के फॉर्म और मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए उसका पलड़ा भारी नजर आ रहा है। न्यूट्रल वेन्यू पर भी भारत-बांग्लादेश के बीच 6 मैच खेले गए हैं जिसमें से हर बार बाजी टीम इंडिया के हाथ लगी है।
