क्रिकेट

T20 World Cup 2022: पहले दौर में थमा वेस्टइंडीज का सफर, सुपर-12 राउंड में पहुंचा आयरलैंड

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 21, 2022, 12:46 PM IST

वेस्टइंडीज की टीम का टी20 वर्ल्ड कप 2022 में सफर पहले ही दौर में समाप्त हो गया। शुक्रवार को आयरलैंड के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में उसे 9 विकेट के अंतर से हार का मुंह देखना पड़ा। आयरलैंड की टीम को सुपर-12 में ग्रुप 2 में भारत, पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों के साथ जगह मिली है।

Image

आयरलैंड क्रिकेट टीम( साभार: T20 World Cup)

Photo : Twitter

होबार्ट: दो बार की टी20 विश्व कप खिताब वेस्टइंडीज का आठवें संस्करण में सफर पहले दौर में ही थम गया। शुक्रवार खेले गए ग्रुप बी के मुकाबले में आयरलैंड ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से पटखनी देकर सुपर-12 दौर में एंट्री कर ली। जीत के लिए मिले 147 रन के लक्ष्य को आयरलैंड ने पॉल स्टर्लिंग की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 17.3 ओवर में हासिल कर लिया। स्टर्लिंग 66 और टकर 47 रन बनाकर नाबाद रहे। टकर ने विजयी चौका जड़ा।

स्टर्लिंग-बलबर्नी ने दी आयरलैंड को तेज शुरुआत

जीत के लिए 147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम को अनुभवी पॉल स्टर्लिंग और कप्तान एंडी बलबर्नी ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने टीम को तेज शुरुआत दी और 4.2 ओवर में ही पचास रन के पार पहुंचा दिया। आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर बलबर्नी को अकील होसेन ने मेयर्स के हाथों कैच कराकर अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई। बलबर्नी ने 23 गेंद में 37 रन की पारी खेली और इस दौरान 3 चौके और 3 छक्के जड़े।

स्टर्लिंग ने 32 गेंद में पूरा किया अर्धशतकबलबर्नी के आउट होने के बाद स्टर्लिंग ने अपना अर्धशतक 32 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के के साथ पूरा किया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए लॉरकन टकर ने भी अपना छोर संभाल लिया और टीम को जीत की दहलीज के पार पहुंचा दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 61 गेंद में नाबाद 77 रन की साझेदारी हुई। स्टर्लिग 66(48) और टकर 47(35) रन बनाकर नाबाद रहे। स्टर्लिंग ने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के जड़े।

खराब रही वेस्टइंडीज की शुरुआत

करो या मरो के मुकाबले में वेस्टइंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन उनकी शुरुआत बेहद खराब रही। पारी के तीसरे ओवर में काईल मेयर्स 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें मैकार्थी ने टेक्टर के हाथों कैच करा दिया। इसके बाद तेजी से रन बना रहे जॉनसन चार्ल्स 18 गेंद में 24 रन बनाकर सिमी सिंह की गेंद पर कर्टिस कैंफर के हाथों लपके गए और विंडीज का स्कोर 27 रन पर 2 विकेट हो गया।

ऐसे में विंडीज की पारी को एविन लुईस और ब्रेंडन किंग ने संभाला। दोनों ने मिलकर टीम को 50 रन के पार पहुंचाया। 71 रन के स्कोर पर लुईस को डेलानी ने अडेर के हाथों कैच कराकर पवेलियन लौटा दिया। लुईस ने 13(18) रन बनाए।

ब्रेंडन किंग ने खेली नाबाद अर्धशतकीय पारी

लुईस के आउट होने के बाद ब्रेंडन किंग एक छोर संभाले रहे। दूसरे छोर से उन्हें थोड़ी-थोड़ी देर अन्य खिलाड़ियों का साथ मिला। वेस्टइंडीज ने 14.2 ओवर में अपने 100 रन पूरे किए। इसके बाद किंग ने 6 चौकों की मदद से 39 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरने का सिलसिला नहीं रुका। 20 ओवर में विंडीज की टीम 5 विकेट खोकर 146 रन बना सकी। अंत में ब्रेंडन किंग 62 और ओडेन स्मिथ 19 रन बनाकर नाबाद रहे। आयरलैंड के लिए गेराथ डेलानी सबसे सफल गेंदबाज रहे उन्होंने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं एक-एक सफलता मैकार्थी और सिमी सिंह को मिली।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article