क्रिकेट

IND vs NZ: 'मुझे गुस्सा आया कि उसने पावरप्ले में...', ईशान किशन से क्यों नाराज हुए सूर्यकुमार यादव?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे टी20I मैच में ईशान किशन और संजू सैमसन पर विशेष नजरें थीं। क्योंकि पहले मुकाबले में दोनों बल्लेबाजों से रन देखने को नहीं मिले थे। सैमसन भले ही इस मैच में भी सस्ते में आउट हो गए, लेकिन किशन की तेज तर्रार पारी ने एक बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की पारी को अलग ही दिशा में मोड़ दिया।

Image

मैच के दौरान सूर्यकुमार। फोटो- स्क्रीन ग्रैब

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने अभिषेक और सैमसन का विकेट बहुत जल्दी गंवा दिया था, लेकिन किशन की धुआंधार पारी के साथ सूर्यकुमार यादव के सहयोग की बदौलत शतकीय साझेदारी हुई और भारत ने मैच पर पकड़ बना लिया। किशन शतक से चूक गए, लेकिन 32 गेंदों पर उन्होंने 76 रन बनाए। फिर सूर्यकुमार यादव ने भी एक धीमी शुरुआत के बाद अपनी लय पकड़ ली और शिवम दुबे ने भी उनका भरपूर साथ दिया।

महज 15.2 ओवर में ही 209 रनों का लक्ष्य हासिल कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले किसी भी टीम ने टी20I में इतने कम ओवर में 200 से ज्यादा का रन नहीं चेज किया था। किशन की धमाकेदार वापसी पर मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव दिल खोलकर बातचीत की।

'यह अविश्वसनीय लगा'

सूर्यकुमार यादव ने कहा, मुझे नहीं पता कि ईशान ने दोपहर के खाने में क्या खाया था या मैच से पहले क्या तैयारी की थी, लेकिन मैंने कभी किसी को 6 रन पर दो विकेट गिरने के बाद इस तरह बल्लेबाजी करते हुए और पावरप्ले के अंत तक 67 या 70 रन बनाते हुए नहीं देखा। मुझे यह अविश्वसनीय लगा। 200 या 210 रनों का पीछा करते हुए, हम बल्लेबाजों से यही चाहते हैं- मैदान पर उतरें, खुलकर खेलें, अपने खेल का आनंद लें। और आज उसने बिल्कुल यही किया।

'स्ट्राइक नहीं दी'

SKY ने आगे कहा, मुझे गुस्सा आया (हंसते हुए) कि उसने पावरप्ले में मुझे स्ट्राइक नहीं दी, लेकिन कोई बात नहीं। मुझे थोड़ा समय मिला, मैंने आठ-दस गेंदें खेलीं और मुझे पता था कि बाद में जब मुझे समय मिलेगा तो मैं इसकी भरपाई कर लूंगा।

'जो कुछ हो रहा उसका आनंद ले रहा'

अपनी फॉर्म पर बोलते हुए भारतीय टी20I कप्तान ने कहा, जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, मैं नेट में बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहा था। पिछले दो-तीन हफ्तों में मैंने घर पर जो कुछ भी किया, उससे मदद मिली। मुझे अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने का अच्छा मौका मिला, अभ्यास सत्र भी बढ़िया रहे और मैं अभी जो कुछ हो रहा है उसका भरपूर आनंद ले रहा हूं।

भारत ने दूसरा टी20I मैच जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। तीसरे मैच में भारतीय टीम जहां सीरीज पर कब्जा करने उतरेगी। वहीं, न्यूजीलैंड टीम वापसी करना चाहेगी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article