IND vs SA, Super 8 Match: सुपर-8 में टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला रविवार को खेलेगी, इससे पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक शर्मा की फॉर्म और अहमदाबाद की पिच पर खुलकर बात की। सूर्या ने अभिषेक की फॉर्म पर कहा कि पिछले एक साल में उन्होंने शानदार खेल दिखाया है और अब उनको सपोर्ट की जरुरत है। सूर्या ने कहा 'मुझे उन लोगों की चिंता है जो अभिषेक शर्मा को लेकर परेशान हैं। मुझे उन टीमों की ज्यादा चिंता है जो आगे चलकर उनका सामना करेंगी। उन्होंने पिछले साल सब कुछ किया, अब समय आ गया है कि हम उनका एहसान चुकाएं।' अभिषेक पिछली 3 पारियों से खाता नहीं खोल पाए हैं।
अहमदाबाद की पिच को लेकर सूर्या ने कहा 'मुझे लगता है कि हम किसी भी तरह की पिच पर खेलने के लिए तैयार हैं। हमने वानखेड़े में अपने अभियान की शुरुआत से लेकर आखिरी मैच तक अलग-अलग तरह की पिचों पर खेल चुके हैं। मुझे लगता है कि पिचें बहुत चुनौतीपूर्ण नहीं थीं, लेकिन थोड़ी मुश्किल जरूर थीं। हमने इतना क्रिकेट खेला है कि हम समझ गए हैं कि पावरप्ले के बाद हमें किस तरह की बल्लेबाजी करनी है। सूर्या ने टॉस को लेकर कहा कि अब वह उतना मायने नहीं रखता है। 'टॉस को अब जरूरत से ज्यादा महत्व दिया जाता है। अगर आप पहली पारी में अच्छी बल्लेबाजी करते हैं, तो ओस होने पर भी आप इस गेंदबाजी के साथ डिफेंड कर सकते हैं।
