IND vs NZ: 'आज हमने जानबूझकर...,' मैच हारने के बाद सूर्यकुमार यादव के बयान ने किया हैरान
- Authored by: उमेश कुमार
- Updated Jan 28, 2026, 11:33 PM IST
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए चौथे टी20 मैच में मेहमान टीम ने मेजबान को 50 रन से शिकस्त दी। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट नुकसान पर 215 रन बनाए। इसके जवाब में पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुकी भारतीय टीम 165 रन बनाकर सिमट गई। शिवम दुबे ने भारत के लिए तीसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। मैच के बाद सूर्या के बयान ने फैंस को हैरान कर दिया। आइए जानते हैं सूर्या ने मैच प्रेजेंटेशन में क्या कहा?
हार के बाद सूर्यकुमार यादव ने क्या कहा? फोटो- स्क्रीन ग्रैब
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत को एक बड़ा लक्ष्य मिला था और अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गए। पहले दो ओवर में भारत को दो झटके लगे। जिसके बाद भारत इन शुरुआती झटकों से उबर नहीं पाया। हालांकि, सैमसन और रिंकू ने उम्मीद जगाई, लेकिन जल्द ही दोनों भी पवेलियन लौट गए। हार्दिक भी स्पिन की जाल में फंस गए।
इसके बाद शिवम दुबे की पावरहिटिंग शुरु हुई और उन्होंने भारत की ओर से तीसरा सबसे तेज T20I अर्धशतक भी लगाया। हालांकि, शिवम दुबे दर्भाग्यशाली रहे और नॉन स्ट्राइकर एंड पर रन आउट हो गए। इसके बाद न्यूजीलैंड के लिए जीत महज औपचारिकता नजर आने लगी। लेकिन हार के बाद सूर्या ने जो बयान दिया वह हैरान करने वाला रहा।
'आज जानबूझकर हमने'
कप्तान सूर्या ने कहा, मुझे लगता है कि हमने आज जानबूझकर छह बल्लेबाज खिलाए। हम पांचों गेंदबाजों को बेहतरीन तरीके से इस्तेमाल करना चाहते थे और खुद को चुनौती देना चाहते थे। अगर कभी जल्दी विकेट गिरें तो क्या होता है और विश्व कप को ध्यान में रखते भी हम अधिकतर खिलाड़ियों को मौका देना चाहते थे। नहीं तो हम दूसरे खिलाड़ियों को खिलाते।
'दूसरी पारी में खुद को परखना चाहते थे'
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने के फैसले पर कहा, जब हमने पहली पारी में बल्लेबाजी की है, तब हमने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए मैं चाहता था कि अगर हम 180 या 200 रनों का पीछा कर रहे हों और दो या तीन विकेट गिर चुके हों, तो खिलाड़ी उस जिम्मेदारी को संभालें और देखें कि हम कैसी बल्लेबाजी करते हैं। तो यह एक अच्छी चुनौती है। उम्मीद है कि अगर हमें फिर मौका मिला, तो हम शायद फिर से लक्ष्य का पीछा करेंगे।
'यह एक अच्छा अनुभव रहा'
सूर्या ने आखिरी में कहा, यह एक अच्छा अनुभव रहा। भारी ओस को देखते हुए, मुझे लगता है कि एक-दो साझेदारियां जैसे दुबे ने बल्लेबाजी की, उनके साथ एक बल्लेबाज के होने से मैच के अंत में बहुत फर्क पड़ सकता था। मुझे लगता है कि हम 50 रनों से हार गए। लेकिन कोई बात नहीं। जैसा कि मैंने कहा, इस तरह के रन चेज में एक या दो साझेदारियां ही फर्क ला सकती हैं।
31 जनवरी को आखिरी मैच
पांच मैच की टी20 सीरीज में भारतीय टीम ने 3-1 की अजेय बढ़त हासिल की है। सीरीज का आखिरी मुकाबला 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें टी20 विश्व कप का वॉर्म अप मैच खेलने की तैयारियों पर ध्यान देंगी।