क्रिकेट

हार्दिक को पीछे छोड़ T20I में टीम इंडिया के कप्तान बन सकते हैं सूर्यकुमार यादव

हार्दिक पांड्या की दावेदारी को पीछे छोड़, सूर्यकुमार यादव क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में टीम इंडिया की कमान संभाल सकते हैं। रिपोर्ट्स की माने तो गौतम गंभीर की पहली पसंद सूर्यकुमार यादव हैं। इससे पहले टी20 कप्तान बनने की रेस में हार्दिक पांड्या टॉप पर चल रहे थे।

Image

सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या (साभार-BCCI)

हार्दिक पांड्या की दावेदारी को पीछे छोड़ सूर्यकुमार यादव T20I में टीम इंडिया के नए कप्तान बन सकते हैं। उन्हें यह जिम्मेदारी साल 2026 टी20 वर्ल्ड कप तक मिल सकती है। श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में हार्दिक पांड्या के उपस्थित रहने के बावजूद सूर्या की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। इससे पहले सूर्या ने ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ 8 टी20 मैच में टीम इंडिया की कप्तानी की है। सूर्या, नए कोच गंभीर और सेलेक्टर अजित अगरकर की पसंद हैं।

ऐसा माना जा रहा है कि गंभीर और अगरकर ने हार्दिक पांड्या की दावेदारी को लेकर बात की थी, लेकिन लांग टर्म के लिहाज से सूर्या की दावेदारी मजबूत है। टी20 वर्ल्ड कप के बाद इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी कि टीम इस फॉर्मेट में टीम इंडिया का अगला कप्तान कौन होगा। टी20 वर्ल्ड कप में हार्दिक पांड्या उप-कप्तान थे ऐसे में उनकी दावेदारी उस वक्त सबसे मजबूत लग रही थी।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई से बात करते हुए कहा '"हार्दिक पांड्या, रोहित शर्मा के नेतृत्व में टी20 में टीम इंडिया के उपकप्तान थे। वह पूरी तरह से फिट हैं और तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए उपलब्ध भी हैं और उन्हें टीम की अगुआई करनी थी, लेकिन इस बात की प्रबल संभावना है कि सूर्या न केवल श्रीलंका सीरीज के लिए बल्कि 2026 विश्व कप तक टीम की कमान संभाल सकते हैं।"

वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे हार्दिक

इससे पहले हार्दिक पांड्या को लेकर खबर आई थी कि वह श्रीलंका के खिलाफ 3 मैच की वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं रहेंगे। उन्होंने इसके पीछे निजी कारण बताया था। रोहित की अनुपस्थिति में वनडे में टीम की कमान केएल राहुल या फिर शुभमन गिल को दी जा सकती है। राहुल वनडे वर्ल्ड कप के बाद से टीम से बाहर हैं।

"बीसीसीआई सचिव जय शाह ने साफ तौर पर कहा है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलने पर सभी स्टार क्रिकेटरों को भी घरेलू क्रिकेट खेलना होगा। रोहित, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह को छूट दी गई है। बीसीसीआई चाहता है कि बाकी सभी टेस्ट विशेषज्ञ अगस्त में दलीप ट्रॉफी का कम से कम एक मैच खेलें। इसके बाद टीम को बांग्लादेश और न्यूजीलैंड से टेस्ट श्रृंखला खेलनी है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article