टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद सूर्यकुमार यादव धोनी, कपिल देव और रोहित शर्मा के एलिट ग्रुप में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने भारत को वर्ल्ड कप जितवाया है। अब फैंस उनकी तुलना धोनी और रोहित से भी करने लगे हैं। इसी सवाल पर सूर्या ने पहली प्रतिक्रिया दी। सूर्या ने कहा ’उस एलीट क्लब में शामिल होकर अच्छा लग रहा है। मैं धीरे-धीरे इसे फील कर रहा हूं। इतने महान खिलाड़ियों के साथ मेरा नाम आना बहुत ही खास अहसास है। मैं भविष्य में भी इसे दोहराने की कोशिश करूंगा और भारत को और अधिक ट्रॉफियां दिलाने में मदद करूंगा।’’
रोहित उस समय कप्तान थे जब भारत ने जून 2024 में बारबाडोस में टी20 विश्व कप जीतकर आईसीसी ट्रॉफी का सूखा खत्म किया था। धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 में टी20 विश्व कप और 2011 में वनडे विश्व कप जीता था। कपिल देव की कप्तानी में भारतीय टीम ने 1983 में वनडे विश्व कप जीता था, जो देश के लिए पहला बड़ा खिताब था।
वर्ल्ड कप से पहले हुई थी धोनी से बात
सूर्यकुमार ने खुलासा किया कि उन्होंने टी20 विश्व कप से पहले धोनी से बात की थी। भारतीय कप्तान ने कहा, ’’मैंने टूर्नामेंट से पहले उनसे (धोनी) मुलाकात की थी और उन्होंने मुझे आईसीसी टूर्नामेंट में खेलने का तरीका बताया था। उन्होंने कहा था कि हमारी टीम अच्छी है, हमें बस हिम्मत रखनी होगी और हम निश्चित रूप से जीतेंगे। जीत के बाद उनकी प्रतिक्रिया शानदार थी।’’
पूरा भारत इस उपलब्धि का जश्न मना रहा है। भारतीय टीम ने भी रविवार की पूरी रात को जश्न मनाया। सूर्यकुमार ने कहा, ’’विश्व चैंपियन बनने के बाद उस रात हमने जो जश्न मनाया काश उसे मैं सबके साथ साझा कर पाता। हमने बहुत अच्छा समय बिताया और हम सुबह आठ बजे तक जागते रहे।’’
क्या है भविष्य की योजना
सूर्यकुमार को अब 28 मार्च से शुरू होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने का इंतजार है। उन्होंने कहा, ’’अभी थोड़ा आराम करना है और फिर आईपीएल की तैयारी करनी है। हम अगले चरण में ओलंपिक की तैयारी शुरू कर देंगे जहां हमारा लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना है।’’ ओलंपिक खेल 2028 में लॉस एंजिलिस में होंगे जहां 128 साल के बाद क्रिकेट की वापसी होगी।
