ICC T20I Ranking: सेमीफाइनल से पहले टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। दरअसल आईसीसी द्वारा जारी किए गए टी20 के ताजा रैंकिंग में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने नंबर वन की कुर्सी हासिल कर ली है। उन्होंने भारतीय स्टार बैटर सूर्यकुमार यादव की जगह ली है जो दिसंबर 2023 से लगातार नंबर वन की कुर्सी पर बने हुए थे। हेड ने 4 स्थान की छलांग लगाकर यह उपलब्धि हासिल की। हेड की टीम भले ही टी20 वर्ल्ड कप से बाहर निकल गई, लेकिन उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया। भारत के खिलाफ अपने सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में उन्होंने 76 रन की विस्फोटक पारी खेली थी जिसका रैंकिंग में उन्हें फायदा मिला है। टी20 वर्ल्ड कप में अपने मौके का इंतजार कर रहे यशस्वी जायसवाल नंबर 7 पर बने हुए हैं।
आईसीसी द्वारा जारी टी20 की ताजा रैंकिंग में सूर्यकुमार यादव अकेले बैटर नहीं हैं जिन्हें नुकसान हुआ है। सूर्या के अलावा इस रैंकिंग में मोहम्मद रिजवान, बाबर आजम और फिल सॉल्ट जैसे खिलाड़ी को नुकसान हुआ है। वेस्टइंडीज के ओपनिंग बैटर जॉनसन चार्ल्स को फायदा हुआ है और उन्होंने टॉप-10 में एंट्री मार ली है।
वानिंदु हसरंगा की हुई वापसी
ऑलराउंडर रैंकिंग की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के मार्कस स्टॉयनिस को नुकसान हुआ है। उन्होंने नंबर वन की कुर्सी गंवा दी है। वानिंदु हसरंगा एक बार फिर टी20 क्रिकेट में नंबर वन की कूर्सी हासिल कर ली है। इसके अलावा इस वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले हार्दिक पांड्या को फायदा हुआ है। उन्होंने 4 स्थान की छलांग लगाकर नंबर 3 का पोजिशन हासिल कर लिया। मोहम्मद नबी ने 2 स्थान की छलांग लगाई है और अब वह हसरंगा के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
