क्रिकेट

IND vs NZ: 'टीचर और प्रिंसिपल ने मुझे काफी...', सीरीज जीतने के बाद सूर्यकुमार यादव ने क्यों की स्कूल की बात?

IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैच की सीरीज में मेजबान ने दबदबा बना लिया है। गुवाहाटी में खेले गए मैच में भारत ने न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 153 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम ने महज 10 ओवर में दो विकेट गंवाकर मैच खत्म कर दिया। अभिषेक शर्मा 68 और सूर्यकुमार यादव 57 रन बनाकर नाबाद रहे।

Image

भारत ने जीती सीरीज। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। तीसरे टी20 मैच में भारत के सामने बड़ा लक्ष्य नहीं था, लेकिन पहली ही गेंद पर संजू सैमसन का विकेट भी गिर गया था। इसके बाद ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने आक्रमण शुरू किया। मैच जल्द ही न्यूजीलैंड की पहुंच से पूरी तरह से बाहर हो गया। किशन के आउट होने के बाद सूर्यकुमार आए और अभिषेक ने अपना आक्रामण जारी रखा।

अभिषेक ने मात्र 14 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया और इस प्रारूप में भारत की ओर से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। दूसरे छोर से सूर्यकुमार भी आक्रमण करते रहे और जीत की दहलीज के करीब पहुंचकर सूर्यकुमार ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया।

भारत ने जीती लगातार 9वीं सीरीज

इसके साथ ही भारत ने इस सीरीज में तीसरी जीत हासिल कर ली और भारत ने 3-0 से सीरीज को भी अपने नाम कर लिया। साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के बाद से भारतीय टीम ने लगातार 9वीं सीरीज पर कब्जा जमाया। इस जीत के बाद सूर्यकुमार यादव से पूछा गया कि डोमिनेशन की कला कहां सीखी?

'स्कूल से ही सीखा डोमिनेशन'

इस पर भारतीय कप्तान सूर्या ने कहा, 'टीचर और प्रिंसिपल ने मुझे काफी समय दिया कि मैं क्रिकेट खेल सकूं और मैं ग्राउंड पर जाकर खेलता था और मैंने वहीं जाकर डोमिनेशन सीखा। हम इसी ब्रांड का क्रिकेट खेलना चाहते थे।'

'टॉप-2-3 बल्लेबाजों के बारे में क्या कहूं'

लक्ष्य का पीछा करने पर कहा, 'मुझे लगता है कि हमने इस बारे में बात की है। हम इसी तरह की क्रिकेट खेलना चाहते हैं, चाहे हम पहले बल्लेबाजी कर रहे हों या लक्ष्य का पीछा कर रहे हों। उदाहरण के लिए, अगर कल हम 20 रन पर 3 विकेट या 40 रन पर 4 विकेट खो देते हैं, तो हम जानते हैं कि बल्लेबाजी कैसे करनी है। लेकिन, अगर आप अलग तरह की क्रिकेट खेलना चाहते हैं, तो मुझे लगता है कि आगे बढ़ने का यही सबसे अच्छा तरीका है। शीर्ष 2-3 बल्लेबाजों के बारे में क्या कहूं? उन्होंने मेरा काम बहुत आसान कर दिया।'

बुमराह को मिला प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब

मैच में शानदार गेंदबाजी करने वाले भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला। बुमराह ने चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट चटकाए। जबकि 11 महीने बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले रवि बिश्नोई ने और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट चटकाए।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article