पर्थ में 25 जनवरी 2026 को विश्व रिकॉर्ड बना। ऑस्ट्रेलिया के पर्थ क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए बीबीएल फाइनल में यह ऐतिहासिक पल घटित हुआ, जब लक्ष्य का पीछा करते हुए पर्थ स्कॉर्चर्स ने सिडनी सिक्सेस को 6 विकेट से मात दी।
मैच में पर्थ स्कॉर्चर्स के कप्तान एस्टन टर्नर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। रिचर्डसन ने इस फैसले को सही साबित किया और डेनियल हॉज को 7 के निजी स्कोर पर आउट कर सिक्सेस को पहला झटका दिया। अभी स्कोर 34 रन ही पहुंचा था कि टीम के घातक बल्लेबाज स्टीव स्मिथ 24 रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद एक के बाद एक विकेट गिरते गए। झाए रिचर्डसन ने चार ओवर में 32 रन देखर तीन बल्लेबाजों का शिकार किया। वहीं, डेविड पेन ने चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट चटकाए। ब्रेडमैन के नाम दो और एरोन हर्डी के खाते में एक विकेट गई। सिडनी सिक्सेस 20 ओवर में 132 रन बनाकर सिमट गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पर्थ स्कॉर्चर्स को मिचेल मार्श और न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 8.2 ओवर में 80 रन कूट डाले। फिन एलन 36 के स्कोर पर आउट हुए। दूसरे एंड से मार्श का बल्ला लगातार रन उगलता रहा।
मार्श अर्धशतक बनाने से चूक गए। वह 44 रन बनाकर आउट हुए। अंत में टीम ने 4 विकेट गंवाकर 17.3 ओवर में 133 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया और BBL के इतिहास में पर्थ स्कॉर्चर्स ने छठी बार खिताब पर कब्जा जमाया। इसकी बदौलत पर्थ स्कॉर्चर्स ने दुनिया की टी20 लीग क्रिकेट के इतिहास में सर्वाधिक बार खिताब जीतने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
दरअसल, दुनिया भर की टी20 लीग क्रिकेट के इतिहास में पर्थ स्कॉर्चर्स छह खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई है। स्कॉर्चर्स ने आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स को पीछे छोड़ दिया है। दोनों फ्रेंचाइजियों ने 5-5 IPL ट्रॉफी जीती है।
वहीं, पर्थ स्कॉर्चर्स के कप्तान एस्टन टर्नर ने कप्तानी करते हुए तीसरी बार बीबीएल का खिताब जीता। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (5 बार) और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने (5 बार) अपनी कप्तानी में सर्वाधिक टी20 लीग का खिताब जीता है।