IND vs PAK: एशिया कप 2025 के सुपर चार चरण का भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया मैच भले ही औपचारिकता भर था, लेकिन इसकी रोमांचकता किसी फाइनल से कम नहीं रही। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने सुपर ओवर में जीत दर्ज कर लगातार छठी जीत अपने नाम की।
अर्शदीप सिंह बने हीरो
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सुपर ओवर में गेंदबाजी के लिए बिना झिझक अर्शदीप सिंह को चुना। अर्शदीप ने अपने चयन को सही साबित करते हुए केवल दो रन देकर दो विकेट चटकाए और श्रीलंका की पारी को समेट दिया। इसके बाद सूर्यकुमार ने पहली ही गेंद पर लक्ष्य हासिल कर भारत को यादगार जीत दिलाई।
कप्तान सूर्यकुमार का बयान
सूर्यकुमार ने मैच के बाद कहा, “यह मुकाबला फाइनल जैसा लगा। मैंने खिलाड़ियों से कहा था कि इसे सेमीफाइनल की तरह खेलें और उन्होंने कमाल का जज्बा दिखाया। अर्शदीप पहले भी ऐसी परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। मैंने उनसे बस इतना कहा था कि अपनी योजनाओं पर ध्यान दो और किसी और चीज़ के बारे में मत सोचो।”
उन्होंने आगे कहा, “मैंने उन्हें आईपीएल और भारत के लिए दबाव की स्थिति में अच्छा खेलते देखा है। उनका आत्मविश्वास बताता है कि सुपर ओवर के लिए उनसे बेहतर कोई और नहीं हो सकता।”
बल्लेबाजी की तारीफ
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 202 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इस दौरान अभिषेक शर्मा ने 61 रन की शानदार पारी खेली, तिलक वर्मा ने नाबाद 49 रन जोड़े और संजू सैमसन ने 39 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार ने बल्लेबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि सभी ने अपनी योजनाओं पर अमल किया और बिना डर के खेला।
फाइनल पर कप्तान की रणनीति
रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले फाइनल को लेकर सूर्यकुमार ने कहा, “हम पहले इस जीत का आनंद लेंगे और फिर अच्छी तरह रिकवर करेंगे। आज कई खिलाड़ियों को ऐंठन की समस्या हुई, इसलिए कल का दिन रिकवरी के लिए होगा। फाइनल में हम आज की तरह ही चुनौती पेश करेंगे।”
श्रीलंका के कप्तान की प्रतिक्रिया
श्रीलंकाई कप्तान चरित असलंका ने स्वीकार किया कि भारतीय स्पिनरों ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने कहा, “हम लक्ष्य का पीछा कर रहे थे और निसांका व परेरा ने बेहतरीन बल्लेबाजी की, लेकिन वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव की स्पिन जोड़ी ने मैच पलट दिया।”
निसांका और परेरा की धमाकेदार पारियां
श्रीलंका की ओर से पथुम निसांका ने 58 गेंदों पर 107 रन की शतकीय पारी खेली जबकि कुसाल परेरा ने 32 गेंदों पर 58 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इन पारियों की बदौलत श्रीलंका ने 202 रन बनाकर मुकाबले को सुपर ओवर तक खींचा।
श्रीलंका का नजरिया
असलंका ने कहा, “हमने एशिया कप में कई सकारात्मक बातें देखीं। टीम अच्छा क्रिकेट खेल रही है, हालांकि पिछले दो मैचों में जीत नहीं मिली। लेकिन निसांका और परेरा की बल्लेबाजी ने हमें गर्व महसूस कराया और भविष्य के लिए उम्मीदें जगाई हैं।”
