आईपीएल के 25वें मुकाबले में लगातार दो जीत दर्ज करने वाली सनराइजर्स हैदराबाद का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। मुंबई भी लगातार दो जीत दर्ज कर चुकी है, ऐसे में हैदराबाद की टीम अपने घर पर जीत का हैट्रिक लगाने उतरेगी जो उसके लिए आसान बिल्कुल नहीं होगा। खराब फॉर्म से गुजर रहे सूर्यकुमार यादव भी पिछले मैच में अच्छी लय में नजर आए थे और उन्होंने 25 गेंद पर 43 रन की पारी खेली थी। ईशान किशन ने भी शुरुआती मैच की असफलता के बाद कोलकाता के खिलाफ 25 गेंद में 58 रन की अर्धशतकीय पारी खेली थी।
पिछले सीजन में जब दोनों टीम भिड़ी थी तो बाजी सनराइजर्स हैदराबाद के हाथ लगी थी। आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई को 3 रन से हराया था।
राहुल त्रिपाठी ने खेली थी विस्फोटक पारी
पहले बल्लेबाजी करते हैदराबाद ने 6 विकेट के नुकसान पर 193 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। राहुल त्रिपाठी ने 44 गेंद पर 76 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। त्रिपाठी ने अपनी इस पारी में 9 चौके और 3 छक्के लगाए थे। इसके अलावा प्रियम गर्ग ने 26 गेंद पर 42 रन की पारी खेली थी। जवाब में आखिरी ओवर तक चले मैच में मुंबई इंडियंस की टीम 7 विकेट के नुकसान पर 190 रन ही बना पाई थी और हैदराबाद ने यह मुकाबला 3 रन से जीत लिया था।
मुंबई की तरफ से ईशान किशन ने 43 और रोहित शर्मा ने 48 रन की पारी खेली थी। इनके अलावा टिम डेविड ने तेज-तर्रार 46 रन बनाए थे।
इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से गेंदबाजी में हीरो रहे थे रफ्तार के किंग उमरान मलिक, उन्होंने 3 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलवा भुवनेश्वर कुमार और वाशिंगटन सुंदर ने 1-1 विकेट चटकाए।
