क्रिकेट

काव्या मारन की टीम ने जीता SA20 का तीसरा खिताब, गांगुली की टीम को फाइनल में दी शिकस्त

एसए20 लीग के चौथे सीजन में सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने फाइनल में प्रिटोरिया कैपिटल्स को छह विकेट से हराकर अपना तीसरा खिताब जीता। मार्को यानसेन की तूफानी गेंदबाजी के बाद मैथ्यू ब्रीटज्के और कप्तान ट्रिस्टन स्टब्स के नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। प्रिटोरिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 158 रन बनाए। इसके जवाब में सनराइजर्स ने 19.2 ओवर में 162 रन बनाकर जीत दर्ज की।

Image

सनराइजर्स ईस्टन केप ने जीता खिताबः फोटो- Sunrisers Eastern Cape

केपटाउन, भाषा। मार्को यानसेन की तूफानी गेंदबाजी के बाद मैथ्यू ब्रीटज्के और कप्तान ट्रिस्टन स्टब्स के नाबाद अर्धशतक से सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने रविवार को फाइनल में प्रिटोरिया कैपिटल्स को हराया दिया। छह विकेट की जीत के साथ चार सीजन में तीसरी बार एसए20 लीग का खिताब जीतकर अपना दबदबा कायम किया।

लगातार चौथी बार फाइनल में खेल रही दो बार की चैंपियन सनराइजर्स की टीम ने 159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ब्रीटज्के (नाबाद 68 रन, 49 गेंद, पांच चौके, दो छक्के) और स्टब्स (नाबाद 63 रन, 41 गेंद, दो चौके, चार छक्के) के बीच पांचवें विकेट की 114 रन की अटूट साझेदारी से 48 रन पर चार विकेट गंवाने के बावजूद 19.2 ओवर में चार विकेट पर 162 रन बनाकर जीत दर्ज की।

लीग में प्रिटोरिया से मिली थी शिकस्त

लीग मैच के दोनों मुकाबलों में हार के बाद प्रिटोरिया कैपिटल्स ने क्वालीफायर एक में सनराइजर्स को हराया। लेकिन दो बार की चैंपियन टीम ने फाइनल में जीत हासिल करके दिखा दिया कि आखिर क्यों वह इस लीग की सबसे सफल टीम है। प्रिटोरिया कैपिटल्स ने इससे पहले डेवाल्ड ब्रेविस के 56 गेंद में आठ चौकों और सात छक्कों से 101 रन की पारी की बदौलत सात विकेट पर 158 रन बनाए। उन्होंने सलामी बल्लेबाज ब्राइस पार्सन्स (30) के साथ दूसरे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी भी की।

यानसेन की घातक गेंदबाजी

यानसेन (10 रन पर 3 विकेट) और एनरिक नॉर्खिया (19 रन पर एक विकेट) ने तूफानी गेंदबाजी करते हुए आठ ओवर में 29 रन देकर चार विकेट चटकाए। जेम्स कोल्स (बिना विकेट के 31 रन) और क्रिस ग्रीन (बिना विकेट के 28 रन) की स्पिन ऑलराउंडर जोड़ी हालांकि कमजोर कड़ी साबित हुई। दोनों ने मिलकर चार ओवर में 59 रन लुटाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे सनराइजर्स की शुरुआत खराब रही। लुंगी एनगिडी ने मैच की पांचवीं गेंद पर ही जॉनी बेयरस्टो (00) को विकेटकीपर शाई होप के हाथों कैच कराया। सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (18) ने एनगिडी पर चौके से खाता खोलने के बाद रोस्टन चेस पर छक्का जड़ा। लेकिन लिजाड विलियम्स की गेंद पर जोर्डन कॉक्स को कैच दे बैठे। चेस ने जोर्डन हरमन (03) को कॉक्स के हाथों कैच कराया, जबकि कप्तान केशव महाराज ने जेम्स कोल्स (01) को पवेलियन भेजकर सनराइजर्स का स्कोर चार विकेट पर 48 रन किया।

आखिरी कुछ ओवरों का रोमांच

यहां से मैथ्यू ब्रीटज्के और कप्तान ट्रिस्टन स्टब्स ने पारी को संभाला। ब्रीटज्के ने गिडियोन पीटर्स पर छक्का जड़ा जबकि स्टब्स ने चेस और पार्सन्स की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया। सनराइजर्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 62 रन की दरकार थी। एनगिडी के ओवर में सिर्फ छह रन बने, लेकिन विलियम्स के अगले ओवर में ब्रीटज्के ने दो जबकि स्टब्स ने एक चौका जड़कर गेंद और रन के बीच के अंतर को कम किया।

पीटर्स के अगले ओवर में स्टब्स ने चौका और ब्रीटज्के ने छक्का जड़कर मैच का रुख सनराइजर्स के पक्ष में मोड़ दिया। टीम को अंतिम दो ओवर में 21 रन की जरूरत थी। एनगिडी ने पारी के 19वें ओवर में 12 रन बने। पार्सन्स को अंतिम ओवर में सनराइजर्स को नौ रन बनाने से रोकना था, लेकिन स्टब्स ने लगातार दो छक्कों के साथ टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article